कन्नौज में गेहूं खरीद केंद्रों पर मिलीं कई अनियमितताएं:डीएम ने जताई नाराजगी, किसानों को तत्काल भुगतान के निर्देश

कन्नौज में गेहूं खरीद केंद्रों पर मिलीं कई अनियमितताएं:डीएम ने जताई नाराजगी, किसानों को तत्काल भुगतान के निर्देश

कन्नौज में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने उमर्दा स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति, बलनपुर सहकारी समिति और मंडी समिति तिर्वा में गेहूं खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान, डीएम ने पाया कि समिति परिसर में डिस्प्ले बोर्ड पर खाद्यान्न दरें और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) अंकित नहीं था। इसके अतिरिक्त, खाद्यान्न से संबंधित आवश्यक रजिस्टर भी अनुपस्थित पाए गए। वारदाना (बोरी) की प्रविष्टियां पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रही थीं। जिलाधिकारी ने इन कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। यूरिया के स्टॉक में भी विसंगति मिली; 105 बोरी की बिक्री दर्ज थी, जबकि मौके पर 245 बोरी यूरिया उपलब्ध थी। डीएम ने उर्वरक वितरण की प्रविष्टियों को नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करने और स्टॉक रजिस्टर को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। एक गेहूं खरीद केंद्र पर तीन किसानों से 176.50 कुंतल गेहूं खरीदा गया था, लेकिन उन्हें अभी तक भुगतान नहीं किया गया था। डीएम ने किसानों को उनकी फसल का भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिए। किसान सुनील कुमार ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि उनका गेहूं परिसर में रखा है, लेकिन उसकी खरीद नहीं की गई है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि किसान हित सर्वोपरि है और गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि समिति में कोई भी कार्य लंबित न रहे, अभिलेखों का उचित रखरखाव हो और सभी प्रक्रियाएं शासन के निर्देशों के अनुसार पारदर्शी व जवाबदेह तरीके से संचालित हों। डीएम ने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *