पानीपत पुलिस ने सेक्टर-25 की फर्जी फर्मों के नाम पर धागा खरीदकर व्यापारियों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जाटल रोड, न्यू मॉडल टाउन निवासी प्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से उसके हिस्से की नकदी बरामद करने, वारदात के तरीकों को समझने और फरार चल रहे उसके तीन साथियों (दीपक कपूर, राज रतन और राहुल कुमार) के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी। ये है पूरा मामला सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि सोनीपत के गांव ढुराना निवासी अरविंद ने थाना चांदनी बाग पुलिस को शिकायत दी थी। अरविंद उग्राखेड़ी काला आंबा रोड पर श्याम यार्न के नाम से फैक्टरी चलाते हैं। शिकायत के अनुसार, 11 सितंबर 2025 को दीपक कपूर, प्रीत सिंह, राज रतन और राहुल कुमार उनकी फैक्टरी आए और सेक्टर-25 में ओम ट्रेडर्स, महादेव इंटरप्राइजेज, नानक इंटरप्राइजेज और फर्निशिंग वाला नाम से चार फर्में होने का दावा कर 3744 किलो धागे का ऑर्डर दिया। अरविंद ने 13 सितंबर को माल भिजवा दिया, जिसके बदले आरोपियों ने ₹2,29,979 का चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। जब अरविंद ने भुगतान मांगा, तो आरोपियों ने धमकी दी कि वे इसी तरह ठगी करते हैं। कई अन्य व्यापारियों को भी बना चुके हैं शिकार जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने शहर के कई अन्य बड़े यार्न कारोबारियों को भी चूना लगाया है। आरोपियों ने इससे पहले गुप्ता यार्न से ₹5,95,456, महादेव टेक्सटाइल मील से ₹4,45,410 और निर्मल बाला जी कॉट स्पिन से ₹2,10,000 की ठगी की हुई है। पूछताछ में खुलासा- लुधियाना में बेचते थे माल, शार्टकट से अमीर बनने की थी चाह पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रीत सिंह ने अपने तीनों साथियों के साथ मिलकर वारदात कबूल की है। पूछताछ में सामने आया कि प्रीत सिंह की पहले टोल प्लाजा के पास प्लास्टिक दाना की फैक्टरी थी, जो नुकसान होने के कारण डेढ़ साल पहले बंद हो गई। इसके बाद उसने अपने दोस्तों दीपक कपूर, राज रतन और राहुल के साथ मिलकर शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए व्यापारियों को ठगने की साजिश रची। आरोपियों ने अरविंद से ठगा गया 3744 किलो धागा लुधियाना की धागा मार्केट में ₹2 लाख में बेच दिया था और रकम आपस में बराबर बांट ली थी।


