West Bengal में TMC के भीतर जारी घमासान के बीच Mamata Banerjee ने Abhishek Banerjee को फिर राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया। फैसले से बागी नेताओं को बड़ा झटका लगा है।
Abhishek Banerjee Reappointed: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर घमासान मचा हुआ था। कई बड़े बागियों ने अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) की कार्यशैली पर खुलेआम उंगली उठाई थी। मामले को देखकर लगता था कि ममता अपने भतीजे पर एक्शन ले सकती हैं। लेकिन, शुक्रवार शाम को ममता बनर्जी के घर पर हुई बैठक ने पूरी बाजी पलट दी। ममता बनर्जी ने बागियों के आगे झुकने से साफ इनकार करते हुए अभिषेक बनर्जी को फिर से ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त कर दिया है। वहीं ममता बनर्जी खुद पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी रहेंगी।
ओ ब्रायन और सयानी घोष को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बुधवार को ही TMC ने अपनी सभी कमेटियों और फ्रंटल संगठनों को भंग करके सबको चौंका दिया था। वहीं अब शुक्रवार को हुई इस मीटिंग में पूरी पार्टी का पुनर्गठन कर दिया। अभिषेक बनर्जी की मदद के लिए TMC के नेता डेरेक ओ ब्रायन और डोला सेन को संयुक्त सचिव की कमान सौंपी गई है। वहीं, सयानी घोष को एक बार फिर TMC यूथ विंग का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा माला रॉय को महिला TMC की कमान मिली है, जबकि पूर्व विधायक चंद्रिमा भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल TMC का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस मीटिंग में चंद्रिमा भट्टाचार्य, डोला सेन, बीना मंडल, अभिषेक बनर्जी और राजीव बनर्जी शामिल रहे।
स्पीकर के फैसले पर भड़की TMC
इस पूरी बैठक का सबसे बड़ा और सबसे विवादित मुद्दा रहा बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा दिया जाना। बंगाल विधानसभा के स्पीकर के इस फैसले से TMC नेतृत्व बुरी तरह भड़क गया है। TMC ने अब इस मामले को सीधे कलकत्ता हाई कोर्ट में घसीटने का फैसला लिया है। सांसद कल्याण बनर्जी ने मीडिया के सामने आकर कहा कि BJP जिस तरह से TMC कार्यकर्ताओं की हत्या कर रही है और उन पर झूठे केस दर्ज कर रही है, हम उसके खिलाफ लड़ेंगे. हम सड़कों पर लड़ेंगे, हम कोर्ट में लड़ेंगे।
हिम्मत है तो जनता के बीच जाकर दिखाओ-कल्याण बनर्जी
कल्याण बनर्जी ने कहा, ‘उन 59 विधायकों को पहले लोगों के पास जाकर उनसे इजाजत लेनी चाहिए, ममता बनर्जी ही मुख्य व्यक्ति हैं। उन विधायकों की कोई अहमियत नहीं है, मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे अपने चुनाव क्षेत्र में जाएं, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करें और उनसे इजाजत लें कि ममता बनर्जी उनकी नेता नहीं हैं, मैं उन्हें चुनौती देता हूं।’
वहीं दूसरी ओर TMC ने यह भी साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकजुटता यानी INDIA ब्लॉक की आगामी बैठकों में ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी ही पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे।


