Chennai Super Kings vs Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। एलएसजी के लिए यह करो या मरो का मैच होगा, जबकि सीएसके प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगी।
CSK vs LSG: आईपीएल 2026 में रविवार को डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर लखनऊ सुपर जायंट्स से होगी। यह मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में ऋषभ पंत एंड कंपनी को हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। अगर लखनऊ सुपर जायंट्स यह मुकाबला हार जाती है, तो वह प्लेऑफ की रेस से आधिकारिक रूप से बाहर हो जाएगी। इस मुकाबले के बाद 15 मई को दोनों टीमें फिर आमने-सामने होंगी। वह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।
CSK ने जीत लिए हैं 5 मैच
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है। टीम ने अब तक 10 में से 5 मैच जीते हैं, जबकि इतने ही मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। सीएसके ने अपने पिछले दो मुकाबलों में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 8-8 विकेट से जीत दर्ज कर शानदार फॉर्म हासिल की है। चेन्नई सुपर किंग्स का लक्ष्य अपनी इस लय को बरकरार रखते हुए सीजन की छठी जीत दर्ज करना होगा, ताकि वह प्लेऑफ में जगह बनाने के और करीब पहुंच सके। उसे अगले दोनों मुकाबले LSG के खिलाफ खेलने हैं। इन दोनों मैचों को जीतकर वो प्लेऑफ्स की दहलीज पर पहुंच जाएगी लेकिन अगर दोनों मैच में हार जाती है तो उनकी उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी।
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स 10 में से 7 मुकाबले हारकर प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर मौजूद है। हालांकि, लगातार 6 हार के बाद टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना पिछला मुकाबला 9 रन से जीतकर वापसी की थी। भले ही एलएसजी के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं बेहद कम हैं, लेकिन टीम बाकी मुकाबलों में जीत हासिल कर रेस में बने रहने के साथ अन्य टीमों का समीकरण बिगाड़ सकती है।
LSG का पलड़ा भारी
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में अब तक दोनों टीमों के बीच 6 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 3 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को 2 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था।
Sports – Patrika | CMS


