पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 4 मैच पीबीकेएस ने जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में एलएसजी को जीत नसीब हुई है।
Punjab Kings vs Lucknow Super Giants, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 68वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला जाएगा। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच पंजाब किंग्स के लिए करो या मरो मुक़ाबला है।
PBKS को हर हाल में जीतना होगा
पंजाब को पिछले छह मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अगर उन्हें प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में एलएसजी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। आईपीएल 2026 में अच्छी शुरुआत के बाद पंजाब किंग्स की फॉर्म मानो छूमंतर हो गई है। बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर को छोड़कर पिछले कुछ मुकाबलों में पीबीकेएस के बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं।
PBKS के सभी बल्लेबाज फ्लॉप
आरसीबी के खिलाफ हुए आखिरी मैच में टीम का टॉप ऑर्डर भी बुरी तरह से फेल रहा था। वहीं, गेंदबाजी पीबीकेएस के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई है। अर्शदीप सिंह लय से भटके हुए नजर आ रहे हैं, तो लॉकी फर्ग्यूसन पिछले मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए थे।
LSG बेहतरीन फॉर्म में
दूसरी तरफ, प्लेऑफ की रेस से पहले से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स पंजाब किंग्स का खेल बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम पिछले दो मुकाबलों में शानदार फॉर्म में दिखाई दिया है। मिचेल मार्श ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 गेंदों में 96 रनों की दमदार पारी खेली थी।
वहीं, जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रनों का योगदान दिया था। निकोलस पूरन भी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के गेंदबाज 221 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। आकाश महाराज सिंह ने 3 ओवर में 54 रन खर्च किए थे, जबकि मयंक यादव ने 4 ओवर में 50 रन दिए थे। प्रिंस यादव भी काफी महंगे रहे थे।
इकाना की पिच का हाल
इकाना स्टेडियम की पिच को गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। खास तौर पर यहां पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। गेंद बल्ले पर थोड़ा फंसकर आती है, जिसके कारण बल्लेबाजों के लिए शॉट्स लगाना आसान नहीं रहता है।
दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 4 मैच पीबीकेएस ने जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में एलएसजी को जीत नसीब हुई है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को लखनऊ में तेज धूप खिली रहेगी और बारिश होने की आशंका न के बराबर है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Sports – Patrika | CMS




