उदयपुर शहर के भारतीय लोक कला मंडल में आर्ट पीवोट संस्था की और से वर्ल्ड हेरिटेज इंटरनेशनल आर्ट फेस्टिवल में शहर के ख्यातनाम चित्रकार डॉ. ओम प्रकाश सोनी, बिजौलियां को भारतीय लघुचित्र (मिनिएचर) एवं तेलचित्र (ऑयल पेंटिंग) परंपराओं के पुनर्जीवन, संरक्षण और उन्नयन एवं अतुलनीय समर्पण के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। सोनी ने अत्यंत सूक्ष्मता और समर्पण के साथ 10,000 से अधिक प्राचीन चित्रों का संरक्षण एवं पुनर्स्थापन किया है तथा भारतीय विरासत से जुड़ी अमूल्य भित्तिचित्रों (फ्रेस्को) के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रख्यात कलाविद् प्रो. सुरेश शर्मा एवं पेसिफिक विवि के उपकुलपति प्रो. हेमंत कोठारी थे। वक्ताओं ने कहा कि कला के प्रति अटूट समर्पण और उत्कृष्टता की निरंतर खोज के माध्यम से डॉ. सोनी ने केवल अतीत का संरक्षण ही नहीं किया, बल्कि वैश्विक कला समुदाय की भावी पीढ़ियों को भी प्रेरित किया है। कार्यक्रम में आशा यादव, पंकज कनेरिया व भास्कर चौधरी को भी सम्मानित किया गया।


