मजदूर का शव आम के पेड़ से लटका मिला:औरैया में परिजन बोले- बीमारी से परेशान था, आत्महत्या की आशंका

औरैया के अंतौल गांव में शनिवार सुबह एक मजदूर का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुलायम सिंह उर्फ विजय प्रकाश के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। ग्रामीण महिलाओं ने खेतों की ओर जाते समय सुख सिंह डीलर के खेत में स्थित आम के पेड़ पर शव को चादर के फंदे से लटका देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। मृतक के छोटे भाई मोहित कुमार ने बताया कि मुलायम सिंह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी शादी 15 साल पहले हुई थी। मुलायम सिंह वर्तमान में कैंसर से पीड़ित थे। शुक्रवार रात को वह खाना खाने के बाद परिजनों के साथ कमरे में सोए थे। सुबह जागने पर मुलायम सिंह बिस्तर पर नहीं मिले। कुछ देर बाद महिलाओं द्वारा उनके शव मिलने की जानकारी मिली। इस खबर से पत्नी लता, मां कांति देवी और बेटे अमन सहित पूरा परिवार सदमे में है और रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि परिजनों के बयान के अनुसार, मजदूर ने बीमारी से तंग आकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *