सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान से सोमवार को काम करते समय मजदूर गिर गया। घटना देख आसपास मौजूद अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। तत्काल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सेंटरिंग लगाते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, तीनबत्ती से कोतवाली जाने वाले रास्ते पर मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार को तीसरी मंजिल पर मजदूर सेंटरिंग लगाने का काम कर रहे थे। सेंटरिंग लगाते समय अचानक मजदूर संजय अहिरवार, उम्र 28 साल, निवासी कनेरा गौंड, नीचे गिर गया। संजय सड़क पर जा गिरा। घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अस्पताल में पीएम कराने पहुंची पुलिस
घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटनाक्रम की सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की भी मांग की है। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि मकान निर्माण के दौरान गिरने से घायल मजदूर की मौत हुई है। मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


