फर्रुखाबाद जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हरदोई जनपद के गांव जसरथपुर निवासी 50 वर्षीय मकरंद के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से फर्रुखाबाद शहर के कादरी गेट थाना क्षेत्र के खानपुर कोठा में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। बताया गया कि सोमवार रात मकरंद छत से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनकी पत्नी राज बेटी उन्हें गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर आईं। मकरंद के आठ बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और छह बेटियां शामिल हैं। उनकी एक बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार के सदस्यों ने मोर्चरी पर बताया कि उनकी पत्नी अन्य बच्चों के साथ गांव में ही रहती हैं और तीन दिन पहले ही फर्रुखाबाद आई थीं। कादरी गेट थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


