Cockroach Janta Party CJP Jantar Mantar protest Delhi: देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक घोटालों और परीक्षाओं में हो रही धांधली के खिलाफ आज यानी 6 जून को देश की राजधानी दिल्ली में एक बहुत बड़ा छात्र आंदोलन होने जा रहा है। सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) आज सुबह दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने जा रही है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने देश के सभी युवाओं से अपने हक के लिए इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी, जिसे अब बॉलीवुड अभिनेताओं और देश के बड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं का खुला समर्थन मिल गया है। इसी प्रदर्शन को लेकर कुनिका सदानंद ने भी पोस्ट किया है और बेबाक बयान दिया है।
कॉकरोच जनता पार्टी के सपोर्ट में आई कुनिका सदानंद (Cockroach Janta Party protest Support Kunickaa Sadanand)
इस आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए जानी-मानी अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने इस मुहिम के समर्थन में सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत का भविष्य अंधभक्तों पर नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों पर निर्भर करता है। नेता सिर्फ वादे और घोषणाएं कर सकते हैं, लेकिन देश में असल बदलाव भाषणों से नहीं बल्कि काम और जवाबदेही से आता है। एक मजबूत लोकतंत्र किसी एक पार्टी, नेता या धर्म का नहीं होता। यह उन नागरिकों से बनता है जो स्वतंत्र रूप से सोचते हैं और निडर होकर सवाल पूछते हैं। बिना सोचे-समझे वफादारी दिखाने से लोकतंत्र कभी मजबूत नहीं हो सकता।
एक वीडियो जारी कर कुनिका ने कहा कि सोशल मीडिया से शुरू हुई इस मुहिम की चर्चा आज देश-विदेश में है। जब सिस्टम में आम जनता की आवाज नहीं सुनी जाती, तब बहरे और अंधे लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए युवाओं को ऐसे अनोखे तरीके अपनाने पड़ते हैं। उन्हें गर्व है कि देश के छात्र बाहर निकलकर इस आंदोलन का पूरा सपोर्ट कर रहे हैं। इस पार्टी ने लोगों को आवाज उठाने की हिम्मत दी है। अंत में उन्होंने जनता से एक बड़ा सवाल पूछा कि क्या सिर्फ लीडरशिप बदलना काफी है या पूरे सिस्टम को चेंज करना जरूरी है?
फेमस एक्टर अतुल कुलकर्णी ने भी किया पोस्ट (Atul Kher Kulkarni apologizes to youth Twitter post)
मशहूर अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने देश के युवाओं के नाम ‘X’ (ट्विटर) पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा है। अतुल कुलकर्णी ने न सिर्फ छात्रों का साथ देने का वादा किया, बल्कि अपनी पीढ़ी की नाकामियों के लिए युवाओं से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। उन्होंने लिखा, “प्रिय युवा नागरिकों, आज 6 जून का दिन बेहद अहम है। आप अपनी आवाज बुलंद करने जा रहे हैं और मैं इस लड़ाई में पूरी तरह आपके साथ हूं। सच तो यह है कि मेरी पीढ़ी और हमारे आस-पास के लोगों ने अपनी जिम्मेदारियां सही से नहीं निभाईं। हमने गलतियां कीं और आपके लिए चुनौतियों का अंबार छोड़ दिया, जिसका सामना आज आपको करना पड़ रहा है। इसके लिए मैं आपसे माफी मांगता हूं। मुझे उम्मीद है कि आप पूरी ईमानदारी के साथ इस देश का पुनर्निर्माण करेंगे।”
कॉकरोच जनता पार्टी का प्रकाश राज भी देंगे साथ
इस आंदोलन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के दिग्गज सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और अभिनेता प्रकाश राज भी इस प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। सोनम वांगचुक ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर 5 जून तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया, तो वह खुद जंतर-मंतर पर धरने पर बैठेंगे।


