Krishna Nagar के स्कूल में छात्रा की जलकर मौत, Delhi Police ने खंगाले CCTV फुटेज

Krishna Nagar के स्कूल में छात्रा की जलकर मौत, Delhi Police ने खंगाले CCTV फुटेज

पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक स्कूल के परिसर में 12वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर हुई मौत के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ-साथ प्रेम संबंध टूटने के संदेह समेत व्यक्तिगत कारणों की भी जांच कर रही है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना शनिवार को सर्वोदय कन्या विद्यालय में उस समय हुई जब स्कूल में निरीक्षण कार्य जारी था।

सूत्रों के मुताबिक, छात्रा सातवें पीरियड की कक्षा में मौजूद थी, जब उसने पानी पीने के बहाने अपने शिक्षक से बाहर जाने की अनुमति मांगी। पुलिस सूत्र ने कहा, ‘‘पुलिस की टीम इस मामले में कई पहलुओं से जांच कर रही हैं। लड़की के संदिग्ध ‘ब्रेकअप’ का पहलू भी जांच के दायरे में है।

टीम उसके सहपाठियों, परिवार और दोस्तों से पूछताछ कर रही हैं।’’
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को छात्रा पानी की बोतल लेकर कक्षा से बाहर निकली और सुरक्षा गार्ड के कमरे के पीछे स्थित उस इलाके में चली गई जहां पानी की टंकी रखी है। वहां उसने खुद पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डाला और कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि वह सुरक्षाकर्मियों या शिक्षकों की नजरों में आए बिना उस जगह तक कैसे पहुंची और इस कदम को अंजाम दे दिया।

इसके अलावा, स्कूल की निगरानी व्यवस्था और उन परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है जिनमें छात्रा कक्षा छोड़कर बाहर निकली थी। चीख-पुकार सुनने के बाद स्कूल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रा को बेहद बुरी तरह से झुलसी हालत में औंधे मुंह पड़े देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आर पी मीणा ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजकर 58 मिनट पर एक छात्रा के जलने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद कृष्णा नगर थाना पुलिस की एक टीम स्कूल पहुंची। उन्होंने कहा कि छात्रा को आनन-फानन में डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) को जब्त कर लिया है और पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए फुटेज का विश्लेषण कर रही है।

घटना के वक्त सुरक्षा गार्ड कहां था, यह पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हाजिरी रजिस्टर की भी जांच की है। छात्रा के स्कूल बैग से बरामद तीन पन्नों का कथित ‘सुसाइड नोट’ इस मामले में एक महत्वपूर्ण सबूत है।

सूत्रों ने बताया कि इसमें उसके परिवार और एक दोस्त का जिक्र है। उन्होंने कहा कि एक पन्ने पर कथित तौर पर परिवार से माफी मांगी गई है, जबकि दूसरे पन्ने पर लिखा है कि उसके दोस्त को परेशान न किया जाए। पुलिस इस पत्र की विषय-सामग्री की जांच कर रही है और इस बात का पता लगा रही है कि क्या छात्रा किसी व्यक्तिगत परेशानी या प्रेम संबंध से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही थी।

हालांकि, पुलिस अभी तक मौत की असली वजह पता नहीं कर पाई है। पुलिस परिवार के उन आरोपों की भी जांच कर रही है जिसमें उन्होंने किसी साजिश की आशंका जताई है। छात्रा के परिवार ने आत्महत्या की बात पर अविश्वास जताते हुए सवाल उठाया है कि स्कूल के समय के दौरान ऐसी घटना कैसे हो सकती है?

परिवार ने इसमें स्कूल प्रशासन और कर्मचारियों की लापरवाही का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *