देवरिया में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को जीर्णोद्धार के बाद कृषि भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने फीता काटकर और शिलालेख का अनावरण कर भवन को जनता को समर्पित किया। इस दौरान मंत्री ने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कृषि मंत्री शाही ने बताया कि कृषि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में कठिनाइयां आ रही थीं। जीर्णोद्धार के बाद अब यह भवन पूरी तरह व्यवस्थित और कार्य के अनुकूल हो गया है। इससे विभागीय कार्यों में सुविधा मिलेगी और किसानों से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा। कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि विभाग की सभी योजनाओं का संचालन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। मंत्री ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। साथ ही, आधुनिक और नवाचारी कृषि तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए भी कहा। कृषि मंत्री ने जनपद में निर्माणाधीन कृषि परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके अतिरिक्त, बैतालपुर में बने कृषि प्रशिक्षण केंद्र में कृषि विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कृषि मंत्री का बुके भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद कृषि मंत्री, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कृषि परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, श्रीनिवास मणि, उपनिदेशक कृषि सुभाष मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


