Husband Attacked Wife: कोटा शहर के नांता थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया और इसके बाद खुद पर भी वार कर लिया । दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है ।
14 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार घायल दंपती की पहचान रीना (32) और उसके पति रोशन (35) के रूप में हुई है । दोनों सूर्य नगर डकनिया स्टेशन के पास के निवासी हैं । रीना के भाई विनोद ने बताया कि उसकी बहन की शादी करीब 14 साल पहले रोशन से हुई थी । दंपती की एक 13 साल की बेटी भी है, जो इस घटना के बाद से बुरी तरह सहमी हुई है और रो-रोकर उसका बुरा हाल है ।
पीहर जा रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी झालावाड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में स्वीपर का काम करते हैं और रोजाना एक साथ बाइक से आते-जाते थे । बुधवार दोपहर लंच के बाद दोनों कुन्हाड़ी स्थित रीना के पीहर जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में वे सीधे घर जाने की बजाय अभेड़ा महल की ओर चले गए ।
चाकू से हमला करके काट लिया खुदका गला
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बड़े विवाद में बदल गई । गुस्से में आकर रोशन ने रीना के गले पर चाकू से हमला कर दिया । इसके बाद उसने खुद का गला भी काट लिया ।
किसी भी पक्ष ने नहीं दी शिकायत
प्रशिक्षु आरपीएस महेश कुमार गुर्जर ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 6 बजे सूचना मिली थी । मौके पर पहुंचने पर दोनों घायल अवस्था में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया । फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान के बाद ही पूरे मामले के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा ।


