केरलम के कोच्चि में शनिवार देर रात एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के नाबालिग बेटे द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही मर्सिडीज-बेंज कार की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा देर रात दो से तीन बजे के बीच यहां चेरानेल्लूर के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि कार न्यायाधीश के नाम पर पंजीकृत है। हादसे में मारे गए व्यक्ति की एक नजदीकी रिश्तेदार ने संवाददाताओं को बताया कि वह आजीविका के लिए खाने का स्टॉल संचालित करता था और जब वह घर लौट रहा था तभी यह हादसा हुआ।
उसने कहा कि कार बहुत तेज रफ्तार में रही होगी, क्योंकि उसके रिश्तेदार का स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दुपहिया वाहन पर रखा उसका सारा सामान बिखर गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने थाने में न्यायाधीश से सवाल किया कि नाबालिग बेटे को कार क्यों चलाने दी गई तो न्यायाधीश ने उससे अभद्रता से बात की।

