केएल राहुल ने बना डाला रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय ओपनर, गेल-वॉर्नर के इस खास क्लब में हुए शामिल

केएल राहुल ने बना डाला रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय ओपनर, गेल-वॉर्नर के इस खास क्लब में हुए शामिल

KL Rahul records as opener in IPL: आईपीएल 2026 में केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 200 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की अपनी सबसे बड़ी जीत। 

KL Rahul 200 Sixes Record: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शुक्रवार की रात जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रनों की ऐसी बारिश हुई कि राजस्थान रॉयल्स (RR) के किले को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ढहा दिया। इस धमाकेदार जीत के हीरो रहे केएल राहुल, जिन्होंने अपनी टीम को तो जीत दिलाई ही, साथ में एक ऐसा इतिहास रच दिया जिसे आज तक कोई भी भारतीय ओपनर नहीं छू पाया था।

राहुल का छक्कों वाला दोहरा शतक

दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 40 गेंदों में 75 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 5 छक्के लगाए और इसी के साथ वो IPL इतिहास में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। अब राहुल उन चुनिंदा दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जहां सिर्फ क्रिस गेल (326 छक्के) और डेविड वॉर्नर (210 छक्के) का नाम आता है। बतौर ओपनर राहुल के नाम अब 203 छक्के हो गए हैं।

ये रहा मैच का रोमांच

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग (90 रन) और डोनोवन फरेरा (14 गेंदों पर 47* रन) की आतिशी पारियों की मदद से 225 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। जयपुर के मैदान पर यह लक्ष्य हासिल करना नामुमकिन लग रहा था। लेकिन दिल्ली के इरादे कुछ और ही थे। केएल राहुल और पाथुम निसांका (62 रन) ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 9.3 ओवर में 110 रन जोड़ दिए। अंत में आशुतोष शर्मा (25) और ट्रिस्टन स्टब्स (18) ने मिलकर 5 गेंद शेष रहते ही जीत दिल्ली की झोली में डाल दी। यह दिल्ली कैपिटल्स के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी है।

रिकॉर्ड बुक में राहुल का दबदबा

बतौर ओपनर राहुल का रिकॉर्ड देखकर दुनिया दंग है। उन्होंने 112 मैचों में 50.01 की औसत से 4,851 रन बनाए हैं। उनके नाम 6 शतक और 39 अर्धशतक दर्ज हैं। अपनी इस शानदार पारी के दम पर केएल राहुल ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए, साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में टॉप पर पहुंचकर ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमा लिया है। इस जीत के साथ दिल्ली अब पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *