सारंडा जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद:रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, सर्च ऑपरेशन जारी

सारंडा जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद:रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, सर्च ऑपरेशन जारी

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा और टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कोबरा 209 बटालियन के नेतृत्व में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। यह बरामदगी हाल ही में इसी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद चलाए जा रहे फॉलो-अप अभियान के तहत हुई। कोबरा 209 बटालियन, जिला पुलिस और अन्य अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम रूटुगुटू के दुर्गम जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चला रही थी। खाली कारतूस और एके-47 का खाली खोखा भी मिला तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों का छिपाया गया हथियारों का जखीरा मिला। बरामद सामानों में एक एसएलआर राइफल, एक कार्बाइन, एसएलआर की मैगजीन, 182 राउंड जिंदा कारतूस, बड़ी संख्या में खाली कारतूस और एके-47 का खाली खोखा शामिल है। इसके अतिरिक्त, लगभग पांच किलोग्राम जिलेटिन, डेटोनेटर और कॉर्टेक्स वायर भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह सामग्री किसी बड़ी नक्सली साजिश का संकेत देती है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। माना जा रहा है कि समय रहते इस जखीरे की बरामदगी से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल जंगलों में छिपे अन्य हथियारों व नक्सलियों की तलाश में जुटे हैं। सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *