कैथल के मशहूर सिंगर रॉकी मित्तल ने भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर तंज कसा है। रॉकी ने कहा है कि भाजपा के नेता उनको डराते गए और वे डरते गए। इसी के कारण आज उनकी कुर्सी छीन ली गई। बड़ौली के कहने पर उन्होंने पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ गाए हुए गाने डिलीट कर दिए, उनसे मिलना भी बंद कर दिया, लेकिन फिर भी बड़ौली की कुर्सी छीन ली गई। इस संबंध में रॉकी मित्तल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जो खूब वायरल हो रहा है। उन्होंने वीडियो में बड़ौली की फोटो भी लगाई है। वीडियो में ये बोले वीडियो में रॉकी मित्तल ने कहा कि मोहल लाल बड़ौली उनके अच्छे मित्र हैं, ये सबको पता है। आज वे बड़ौली के बारे में भी कुछ सच्चाई के शब्द जरूर कहेंगे। रॉकी ने कहा कि मोहन जी आप कुर्सी पाने के लिए झुकते गए और वो झुकाते गए। आप डरते गए और वो डराते गए। आपको इशारों पर नचाते और गुलाम बनाते गए। अगर जीना है तो शेरों की तरह जीओ। तीन गाने डिलीट कर दिए रॉकी ने कहा कि मैंने तो आपकी कुर्सी बचाने के लिए भरसक प्रयास किया। आपने बोला कि रॉकी भाई मुझसे मिलने मत आया करो, खट्टर साहब नाराज हो जाएंगे, मैंने आपसे मिलना बंद कर दिया। आपके कहा कि खट्टर साहब के खिलाफ गाए हुए गाने डिलीट कर दो, मैंने आपके कहने से अपने तीन गाने डिलीट कर दिए। मैंने तो सिर्फ आपकी कुर्सी बचाने का प्रयास किया। आपसे कोई काम नहीं करवाया। रॉकी मित्तल हमेशा दोस्ती के लिए मरता है, स्वार्थ की राजनीति नहीं करता। व्यक्ति को मारने वाला कभी रहम नहीं करता वीडियो में रॉकी कह रहे हैं कि व्यक्ति को मारने वाला कभी रहम नहीं करता और दिल में जातपात वाला व्यक्ति आपके जैसों को कभी सहन नहीं करता। जब भी वे इस पर मोहन जी से बातचीत करते हैं तो वे कहते हैं कि गंदगी में नहीं उतरना, लेकिन गंदगी को साफ करने के लिए उसमें उतरना पड़ता है। चापलूसों से लड़ना पड़ता है। अगर आप लड़ते रहते तो कुर्सी नहीं जाती। कहा- डरे तो और डराएंगे सत्तासीन लोग जब वीडियो के संबंध में रॉकी मित्तल से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि बड़ौली के साथ उन्होंने दोस्ती बरती। उनकी कुर्सी बचाने के लिए हर बात मानी, गाने डिलीट किए और मिलना भी बंद कर दिया। फिर भी बड़ौली की कुर्सी छीन ली गई। अगर बड़ौली ऐसे ही डरते रहे तो सत्तासीन लोग उनको और डराएंगे। उनको किसी से डरना नहीं चाहिए। इस बारे में जब मोहन लाल बड़ौली से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वे इस मामले पर शुरू से कुछ नहीं बोले हैं। अब भी इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहते।


