न्यायाधीश विवेक रूसिया मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं। मिनिस्ट्री ऑफ लॉ एंड जस्टिस डिपार्टमेंट ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। सीजे संजीव सचदेवा के प्रमोशन के बाद उन्हें यह स्थान मिला है। सचदेवा को उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति दी गई है। जस्टिस विवेक रूसिया जबलपुर के कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले है। जस्टिस विवेक रूसिया उनका जन्म 2 अगस्त 1969 को जबलपुर में हुआ था। B.Sc. और LL.B. की डिग्रियां प्राप्त करने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश राज्य बार काउंसिल ने 8 अगस्त 1992 को अधिवक्ता के रूप में नामांकित किया था। उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता थे। उन्होंने अपनी वकालत की शुरुआत स्वर्गीय पी. सदाशिवन नायर (वरिष्ठ अधिवक्ता), इंदिरा नायर (वरिष्ठ अधिवक्ता) और राजेंद्र मेनन (जो अब मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश हैं) के कार्यालय में एक सहयोगी अधिवक्ता के रूप में की थी। अधिवक्ता गोपेश यश तिवारी बताते हैं कि उन्होंने वर्ष 1998 में अपना स्वतंत्र अभ्यास शुरू किया और जल्द ही वे कोल इंडिया लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोल फील्ड लिमिटेड, नॉर्दर्न कोल फील्ड लिमिटेड, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड, एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड, एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मध्य प्रदेश आवास एवं अधोसंरचना विकास मंडल, एमपी लघु उद्योग निगम, नगर पंचायत शकपुरा/मुंडी, जिला सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक मर्यादित पन्ना/सिदकी/सतना (म.प्र.), छावनी बोर्ड जबलपुर (1998 से 2008 तक) और जबलपुर विकास प्राधिकरण (2000 से 2004 तक) के पैनल में शामिल कर लिए गए। जस्टिस विवेक रूसिया जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के समक्ष मामलों में भारत संघ की ओर से पेश होने के लिए, तीन वर्ष की अवधि के लिए भारत सरकार के स्थायी वकील के रूप में नियुक्त किए गए थे। उन्हें हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन जबलपुर का संयुक्त सचिव चुना गया। वे हाई कोर्ट के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन जबलपुर के भी आजीवन सदस्य थे।
7 अप्रैल 2016 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और 17 मार्च 2018 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किए गए।


