कानपुर में हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कानपुर प्रेस क्लब की ओर से पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और सांसद रमेश अवस्थी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर दिल्ली और लखनऊ समेत देश भर में काम कर रहे जो मूल रूप से कानपुर के रहने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के इतिहास, उसकी भूमिका और समाज में मीडिया के महत्व पर चर्चा की गई। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज को आईना दिखाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी को याद करते हुए कहा कि वे पत्रकारिता के पुरोधा और स्वतंत्रता आंदोलन के बड़े नायक थे। बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें समाजसेवी और पत्रकार संवाद को लेकर टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान बेहद दुखद है, क्योंकि कोई भी नेता पत्रकारों से संवाद करके ही आगे बढ़ता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार राजीव सिंह, विजय त्रिपाठी, राजकिशोर, अंकित शुक्ला, पंकज निगम, संजय त्रिपाठी, आदित्य द्विवेदी, ऋषभ मणि त्रिपाठी, रतीश त्रिवेदी को सम्मानपत्र, प्रतीकचिन्ह भेंट कर और शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया।


