जोधपुर विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। जेडीए टीम ने ग्राम विनायकपुरा के विभिन्न खसरों में स्थित 6 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया और ग्राम पाल के खसरा संख्या 708/100 में सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। उपायुक्त जोन 6 दिनेश कुमार मीणा ने बताया- प्राधिकरण प्रवर्तन शाखा मय टीम द्वारा तहसीलदार जोन 6 प्रतिज्ञा सोनी के निर्देशन में ग्राम विनायकपुरा का मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम विनायकपुरा के विभिन्न खसरों में कृषि भूमि पर प्राधिकरण की बिना सक्षम स्वीकृति एवं बिना भू-उपयोग परिवर्तन करवाए छोटे-छोटे भूखंड, सड़क बनाकर और बिजली पोल लगाकर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही 6 कॉलोनियों में ग्रेवल सड़कों, बिजली पोल आदि को तीन जेसीबी से ध्वस्त कर 6 अवैध कॉलोनियों को खुर्द-बुर्द किया गया। साथ ही कॉलोनी विकसित करने वालों को प्राधिकरण की बिना अनुमति योजना विकसित नहीं करने की हिदायत दी गई। पाल रोड से हटाया अतिक्रमण इसी प्रकार जेडीए तहसीलदार जोन-3 डॉ. हंसराज राठौड़ के निर्देशन में प्रवर्तन शाखा टीम द्वारा ग्राम पाल के खसरा संख्या 708/100 के निरीक्षण के दौरान ले-आउट प्लान अनुसार 40 फीट रोड पर पत्थर की छीणें लगाकर अतिक्रमण किया हुआ पाया गया। जेडीए दस्ते द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण को दो जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर हटाया गया।


