जसप्रीत बुमराह फ्लॉप होने की वजह हार्दिक पंड्या? मुंबई इंडियंस के पूर्व दिग्गज ने बताया कहां हो रही है चूक

जसप्रीत बुमराह फ्लॉप होने की वजह हार्दिक पंड्या? मुंबई इंडियंस के पूर्व दिग्गज ने बताया कहां हो रही है चूक

Jasprit Bumrah Form in IPL 2026: एक महीने पहले भारतीय टीम को टी20 वर्ल्डकप 2026 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले जसप्रीत बुमराह का आईपीएल 2026 सीजन अब तक अच्छा नहीं रहा है। मुंबई इंडियंस के लिए अब तक 5 मैच खेलने के बावजूद वो एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। टीम ने सीजन की शुरुआत तो जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद लगातार 4 मैच हार गई है। सीजन में एमआई के लिए जो खिलाड़ी अब तक सबसे ज्यादा असफल रहे हैं, उनमें जसप्रीत बुमराह का नाम सबसे ऊपर है।

6 मैचों से विकेट नहीं ले पाए हैं बुमराह

सबसे हैरान करने वाली बात है कि बुमराह आईपीएल के पिछले 6 मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके हैं। पिछले सीजन के आखिरी मुकाबले में जब वह पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरे थे, तब भी उनकी विकेटों की झोली खाली रही था। इस सीजन की शुरुआत बुमराह के लिए वैसी ही हुई, जैसी आखिरी मैच में रही थी। IPL 2026 में उनकी गेंदों पर रन भी खूब बन रहे हैं। एमआई के लिए खेल चुके न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन ने जसप्रीत बुमराह की असफलता का कारण बताया है।

स्टार स्पोर्ट्स के ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ पर जियोस्टार के एक्सपर्ट मिशेल मैक्लेनाघन ने कहा कि जसप्रीत बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से वह अपना प्रभाव छोड़ पाने में सफल नहीं हो रहे हैं।

मैक्लेनाघन ने कहा, “बुमराह को अक्सर पहले ओवर के बाद अटैक पर लाया जाता है, जिससे वह डैमेज कंट्रोल की स्थिति में आ जाते हैं, न कि अपनी शर्तों पर गेंदबाजी कर पाते हैं। आप चाहेंगे कि वह गेंदबाजी की शुरुआत करें, पहला ओवर डालें और शुरुआत से ही विरोधी टीम पर दबाव बनाएं। मुंबई इंडियंस को फिर से सोचना होगा कि वे उनका इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें गेम में पहले लाने से काफी फर्क पड़ सकता है।”

वानखेड़े में हुए मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवर में 5 विकेट पर 198 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंजाब के लिए प्रभसिमरन ने 39 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए, जबकि अय्यर ने 35 गेंदों पर 66 रन की पारी खेली। इस मैच में बुमराह ने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 41 रन खर्च किए। बुमराह ने पिछले 5 मैचों में 19 ओवर गेंदबाजी की है और 164 रन देने के बावजूद एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *