jaisalmer: दुर्गा वाहिनी ने निकाला शक्ति संचलन, युवा शक्ति को सद्मार्ग पर चलने का संदेश

jaisalmer: दुर्गा वाहिनी ने निकाला शक्ति संचलन, युवा शक्ति को सद्मार्ग पर चलने का संदेश

पोकरण. शारदीय नवरात्र के मौके पर विश्व हिन्दू परिषद की दुर्गा वाहिनी की ओर से रविवार को कस्बे में शक्ति संचलन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं व युवतियों ने भाग लिया। कस्बे के बालागढ़ फोर्ट में बांदोलाई मठ के महंत अनूपपुरी महाराज, पार्षद विमला गांधी, विहिप जिला उपाध्यक्ष शांति पुरोहित, फलोदी जिला उपाध्यक्ष हिमांशु व्यास के आतिथ्य में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता विहिप के प्रांत संगठन मंत्री राजेश पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि भाग-दौड़ भरी इस जिंदगी में युवा शक्ति कहीं रास्ता नहीं भटक जाए, इसके लिए समय-समय पर ऐसे आयोजन जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे की प्रवृति से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही अन्य लोगों को भी जागरुक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश में कई बहिनें लव-जिहाद का शिकार हो रही है। जिसे रोकना जरूरी है।

मुख्य मार्गों से निकला शक्ति संचलन, किया स्वागत

शक्ति संचलन में फलसूंड व रामदेवरा से बड़ी संख्या में बालिकाओं व युवतियों ने भाग लिया। फोर्ट रोड से रवाना हुआ शक्ति संचलन गांधी चौक, फोर्ट रोड, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, अस्पताल रोड होते हुए राउमावि मैदान पहुंचा। यहां संचलन का समापन हुआ। इस दौरान कस्बेवासियों की ओर से जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शिवा गहलोत, हरिसिंह मोडरडी, मंत्री तनसिंह राजगढ़, सहमंत्री जेठूसिंह सोढ़ा, विधि प्रमुख वीरमसिंह सनावड़ा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख राधेश्याम जोशी, समरसता प्रमुख कैलाशभारती, जुगलकिशोर जीनगर, पोकरण प्रखंड अध्यक्ष विष्णुदयाल बोहरा, मंत्री प्रभात शर्मा, प्रमोद बिस्सा, प्रिंस शर्मा आदि उपस्थित रहे।

नाचना में विजय दशमी पर शस्त्र पूजन, संघ का पथ संचलन

नाचना @ पत्रिका. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रविवार को विजय दशमी उत्सव मनाया। इस अवसर पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नाचना में शस्त्र पूजन किया गया। शस्त्र पूजन के बाद गांव के मुख्य चौराहों से पथ संचलन निकाला गया। स्वयंसेवकों ने मुख्य बाजार, किला चौक, माहेश्वरी पाड़ा और सोनी पाड़ा में कदम से कदम मिलाकर संचलन किया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। मुख्य वक्ता बाड़मेर विभाग मुख्य मार्ग प्रमुख घेवर सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ की शाखाएं जन जागरण का कार्य कर रही हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता के लिए एकजुट रहने और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा का महत्त्व बताया। घेवर सिंह ने वसुधैवकुटुंबकम के भाव पर भी जोर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *