पंजाब के तरनतारन जिले में आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने गांव पाहुविंड में शिकायतें मिलने के बाद मिठाइयों की दुकानों और देसी घी विक्रेताओं के परिसरों में औचक छापेमारी की। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखबीर कौर ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान जिले भर में खाद्य पदार्थों की चेकिंग, सैंपल लेने और निगरानी की प्रक्रिया को और तेज कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति असुरक्षित या मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार करता या बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कारोबारियों से अपील की कि मांग बढ़ने के बावजूद गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। देसी घी, सरसों के तेल और लड्डुओं के 6 सैंपल खरड़ लैब भेजे कार्रवाई के दौरान टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए देसी घी, सरसों के तेल और मोतीचूर के लड्डुओं समेत कुल 6 सैंपल एकत्र किए। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इन सभी सैंपलों को विस्तृत जांच और मिलावट की पुष्टि के लिए खरड़ स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री व उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर चल रहा अभियान यह विशेष चेकिंग अभियान पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री कंवलप्रीत बराड़ के दिशा-निर्देशों पर, डिप्टी कमिश्नर राहुल और सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन की देखरेख में चलाया जा रहा है। पाहुविंड में हुई छापेमारी टीम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखबीर कौर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार विशेष रूप से शामिल रहे। FSSAI नियमों और साफ-सफाई के लिए कारोबारियों को किया जागरूक जांच के दौरान टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा कानून, 2006 का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुकानदारों को FSSAI द्वारा स्वीकृत रंगों का ही इस्तेमाल करने, कार्यस्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने, कर्मचारियों का नियमित मेडिकल चेकअप करवाने, FSSAI लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन लेने, साफ पानी का इस्तेमाल करने और खाद्य पदार्थों को सही तापमान पर स्टोर करने के प्रति जागरूक किया।

