‘ईरान की किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया’, ईरान के बातचीत से इनकार करने पर ट्रंप ने दी धमकी

‘ईरान की किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया’, ईरान के बातचीत से इनकार करने पर ट्रंप ने दी धमकी

US Iran Talk: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच चुका है। समुद्री व्यापार के लिए बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी है जिसके जवाब में ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ ईरान ने पाकिस्तान में आयोजित होने जा रही दूसरे राउंड की वार्ता में हिस्सा लेने से भी इनकार कर दिया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दे डाली है। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान उनका ऑफर किया गया सही और निष्पक्ष समझौता नहीं मानता है तो अब शरीफ इंसान बनकर काम नहीं चलेगा। ट्रंप ने यह धमकी भी दी कि वह ईरान की किलिंग मशीन को खत्म कर देंगे।

सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाया

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट शेयर करते हुए ईरान पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फायरिंग की, जिसमें फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम के जहाजों को निशाना बनाया गया। ट्रंप ने कहा कि यह बिल्कुल सही नहीं है। ट्रंप ने आगे लिखा कि मेरे प्रतिनिधि इस्लामाबाद जा रहे है। वह कल शाम तक बातचीत के लिए वहां पहुंच जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे लिखा, ईरान ने हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट बंद करने का ऐलान किया है, जो कि बहुत अजीब है क्योंकि वह रास्ता तो पहले से ही नाकाबंदी के चलते बंद है।

ईरान को हो रहा नुकसान – ट्रंप

ट्रंप ने आगे लिखा, एक तरह से ईरान अनजाने में अपनी मुश्किलें बढ़ा रहा है और खुद को नुकसान पहुंचा रहा है। इस रास्ते के बंद होने से ईरान को रोजाना लगभग 500 मिलियन डॉलर का भारी नुकसान हो रहा है, जबकि अमेरिका पर इसका कोई बुरा असर नहीं पड़ रहा है। बल्कि स्थिति यह है कि कई बड़े जहाज अब अमेरिका के टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का की तरफ बढ़ रहे हैं ताकि वहां से माल लोड किया जा सके। उन्होंने आगे लिखा, ईरान की सेना (IRGC) जो हमेशा खुद को ताकतवर दिखाने की कोशिश करती है, उसके इस कदम का फायदा उल्टा अमेरिका और अन्य देशों को ही मिल रहा है।

किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे लिखा, हम ईरान को एक सही और वाजिब सौदा दे रहे है और मुझे उम्मीद है कि वह इसे मान लेंगे। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो अमेरिका ईरान के हर एक पावर प्लांट और एक हर एक पुल को तबाह कर देगा। ट्रंप ने आगे लिखा, अब और शराफत नहीं, उन्हें बहुत तेजी से और आसानी से गिरा दिया जाएगा। अगर वह इस ऑफर को नहीं मानते है तो जो किया जाना चाहिए, उसे करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। वह काम जो पिछले 47 सालों में दूसरे राष्ट्रपतियों को ईरान के साथ कर देना चाहिए था। ट्रंप ने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा, अब ईरान की इस किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *