How To Keep Teeth Healthy Forever: उम्र बढ़ने के साथ ही हेल्थ से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन एक समस्या ऐसी है जिसका लगभग ज्यादातर लोगों को एक उम्र के बाद सामना करना ही पड़ता है। ये समस्या कोई और नहीं बल्कि दांतों का गिरना है। ऐसे में ज्यादातर लोगों के दिमाग में ये सवाल आता है कि क्या उम्र बढ़ते ही दांत गिरना जरुरी होता है? क्या बुढ़ापे में नकली दांत लगाना ही एकमात्र रास्ता है? ऐसे में आइए इन सभी सवालों के जवाब, आज के इस लेख में डॉक्टर संजीव गुलाटी डेंटल क्लिनिक प्रीमियर, गोरखपुर में तैनात डॉक्टर ईशा जैन से जानते हैं।
दांतों की देखभाल के लिए सही आदतें (Essential Oral Hygiene Habits)
दांतों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए दिन में दो बार ब्रश करना बहुत जरूरी है। ब्रश करते समय मसूड़ों के पास हल्के गोलाकार (circular) मोशन में ब्रश करें। साथ ही, दिन में एक बार फ्लॉस जरूर करें ताकि दांतों के बीच फंसी गंदगी निकल जाए। इसके अलावा एंटी-बैक्टीरियल माउथवॉश का इस्तेमाल भी आप कर सकते हैं।
खाने-पीने और लाइफस्टाइल का ध्यान (Diet and Lifestyle Tips)
सिर्फ ब्रश करना ही काफी नहीं है, आप क्या खाते हैं इसका भी सीधा असर दांतों पर पड़ता है। ज्यादा मीठा और एसिडिक खाना दांतों को नुकसान पहुंचाता है। अगर आपने कुछ खट्टा या एसिडिक खाया है, तो तुरंत ब्रश न करें, कम से कम 30 मिनट का गैप जरूर रखें। इसके साथ ही आप अपनी डाइट में कैल्शियम और फास्फोरस से भरपूर चीजें शामिल करें। इसके अलावा स्मोकिंग से दूरी बनाने के साथ ही डायबिटीज को कंट्रोल में रखना भी बहुत जरूरी है।
इन संकेतों को नजरअंदाज न करें (Recognizing Early Warning Signs)
अक्सर लोग दांतों की छोटी-मोटी समस्याओं को इग्नोर कर देते हैं, जो आगे जाकर बड़ी परेशानी बन जाती हैं। अगर आपको दांतों में सेंसिटिविटी, मसूड़ों से खून आना, मुंह से बदबू आना या दांत हिलते हुए महसूस होना जैसी दिक्कतें हो रही हैं, तो इन्हें बिल्कुल नजरअंदाज न करें। डेंटिस्ट के पास जाकर तुरंत चेकअप करवाएं। याद रखें, अगर समस्याओं का शुरुआत में ही इलाज करवाया जाए तो दांत गिरने के चांसेस काफी ज्यादा कम हो जाते हैं।


