IPL 2026: इन छह कप्तानों के लगातार खराब प्रदर्शन ने बढ़ाई मुश्किलें, एक टीम टॉप 4 में

IPL 2026: इन छह कप्तानों के लगातार खराब प्रदर्शन ने बढ़ाई मुश्किलें, एक टीम टॉप 4 में

Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन अपने आधे पड़ाव के करीब आ गया है। अब तक जिन टीमों का प्रदर्शन अच्छा रहा है, उसमें उनके कप्तानों के दमदार प्रदर्शन की अहम भूमिका रही है। पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को ले सकते हैं। अंकतालिका में दोनों टीमें पहले और दूसरे स्थान पर हैं। हम आपको उन 6 कप्तानों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके बतौर खिलाड़ी खराब प्रदर्शन की वजह से आईपीएल 2026 में उनकी टीम की स्थिति कमजोर हो गई है।

राजस्थान रॉयल्स (RR) का सीजन में अब तक अच्छा प्रदर्शन रहा है। टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर है, लेकिन इसमें उनके कप्तान रियान पराग का कोई योगदान बतौर खिलाड़ी नहीं रहा है। पराग 6 मैचों की 6 पारियों में मात्र 61 रन बना पाए हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने कोई कमाल नहीं किया है। 3 पारी में गेंदबाजी करते हुए उन्हें सिर्फ 2 विकेट मिले हैं। वैभव, यशस्वी, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की वजह से टीम चौथे स्थान पर बनी हुई है। पराग को फॉर्म में लौटना होगा नहीं तो आगे की राह आरआर के लिए मुश्किल हो सकती है।

दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रदर्शन मिलाजुला रहा है। सीजन की शुरुआत में लगातार 2 मैच जीतने के बाद बाद के 4 मैचों में टीम 3 मैच हार चुकी है और अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम के लिए कप्तान अक्षर पटेल एक खिलाड़ी के लिए निराशाजनक साबित हुए हैं। पटेल ने सीजन के 6 मैचों की 5 पारियों में मात्र 31 रन बनाए हैं, वहीं 6 पारियों में 6 विकेट लिए हैं।

मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या का बल्ले और गेंद से खराब प्रदर्शन रहा है। हार्दिक ने 5 मैचों की 5 पारियों में 24 की औसत से मात्र 96 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भी पांड्या असर नहीं दिखा पाए हैं। 5 पारियों में वह मात्र 3 विकेट ले सके हैं। हार्दिक के खराब फॉर्म का असर उनकी टीम के प्रदर्शन पर दिखा है। एमआई 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ अंकतालिका में सातवें स्थान पर है।

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए भी आईपीएल 2026 बेहद निराशाजनक साबित हुआ है। गायकवाड़ कप्तान के साथ ही टीम के मुख्य बल्लेबाज हैं और पारी की शुरुआत करते हैं, लेकिन वह 6 मैचों की 6 पारियों में 13.66 की साधारण औसत के साथ सिर्फ 82 रन बना सके हैं। उनकी लगातार असफलता से टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल रही है और परिणाम विपरीत जा रहा है। सीएसके 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ अंकतालिका में फिलहाल आठवें नंबर पर है।

आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत ने भी अपनी बल्लेबाजी से निराश किया है। ऋषभ 6 मैचों की 6 पारियों में 147 रन बना सके हैं। इसमें एसआरएच के खिलाफ आई नाबाद 68 रन की पारी शामिल है। इसके अलावा, बाकी के 5 पारियों में वह फ्लॉप रहे हैं। एलएसजी अंकतालिका में 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ नौवें नंबर पर है।

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान अजिंक्य रहाणे के लिए भी सीजन निराशाजनक साबित हो रहा है। दो बार लगातार शून्य पर आउट हो चुके रहाणे पारी की शुरुआत के लिए आते हैं, लेकिन उनका जल्द आउट होना टीम की मुश्किल बढ़ा देता है। कप्तान के तौर पर भी गलत फैसलों के लिए आलोचना का सामना कर रहे रहाणे ने 7 मैचों की 7 पारियों में 152 रन बनाए हैं। केकेआर अंकतालिका में सबसे नीचे (दसवें स्थान पर) है।

आईपीएल 2026 में जिन कप्तानों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है, उनमें शुभमन गिल शीर्ष पर हैं। गिल ने 5 मैचों की 5 पारियों में 265 रन बनाए हैं, हालांकि उनकी टीम जीटी टॉप-4 से बाहर है और छठे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान ईशान किशन दूसरे स्थान पर हैं। किशन ने 7 मैचों की 7 पारियों में 238 रन बनाए हैं। एसआरएच अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है।

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर तीसरे नंबर पर हैं। अय्यर ने 6 मैचों की 5 पारियों में 208 रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स अंकतालिका में पहले स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक बल्लेबाजी सीजन में चर्चा का विषय है। पाटीदार ने 6 मैचों की 6 पारियों में 212.96 की स्ट्राइक रेट से 230 रन बनाए हैं और आरसीबी को दूसरे स्थान पर ले गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *