iPhone 18 के लॉन्च के बीच सोनू सूद ने खरीदने वालों पर दिया बयान, बोले- असली अपग्रेड तो बेहतर समाज है

iPhone 18 के लॉन्च के बीच सोनू सूद ने खरीदने वालों पर दिया बयान, बोले- असली अपग्रेड तो बेहतर समाज है

Sonu Sood Dig On iPhone 18 purchase people: देश भर में एप्पल के नए iPhone 18 सीरीज की बिक्री शुरू होते ही स्टोर्स के बाहर उसे खरीदने वालों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। 18 सितंबर को जैसे ही iPhone 18 Pro और Pro Max बाजार में उपलब्ध हुए, वैसे ही इसे लेने की दीवानगी चरम पर पहुंच गई। हालांकि, इस भारी क्रेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भीड़ की तस्वीरों के बीच बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद (Sonu Sood) ने एक तीखा तंज कसा है। सोनू सूद ने देश के युवाओं को सिर्फ गैजेट्स अपग्रेड करने के बजाय समाज सुधार की दिशा में सोचने की सलाह दी है।

सोनू सूद ने iPhone 18 लेने वालों पर किया पोस्ट

शुक्रवार को सोनू सूद ने अपने आधिकारिक ‘X’ (ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने स्टोर्स के बाहर लगी लंबी कतारों का वीडियो शेयर करते हुए एक मैसेज लिखा। सोनू सूद ने लिखा, “नया फोन, नई EMI… वही पुराने बिल! शायद अब समय आ गया है कि हम सिर्फ फोन अपग्रेड करने के बजाय बदलाव लाने के लिए आगे आएं। असली अपग्रेड तो एक बेहतर समाज का निर्माण करना है।”

सोनू सूद का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गया, जहां नेटिजन्स ने उनके विचारों का जमकर समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा, “सच हमेशा कड़वा होता है! डेढ़-दो लाख रुपये का फोन हाथ में लेकर लोग केवल रील्स देखते हैं, लेकिन सिर्फ दिखावे के लिए आधी रात से कतारों में लगे हैं।” वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “सोनू भाई ने बिल्कुल सही कहा, दिखावे के भारी बिल उठाने से बेहतर है कि हम सामाजिक सुधारों में योगदान दें।”

3.14 लाख रुपये तक पहुंची iPhone 18 की कीमत

भारत में लॉन्च हुई iPhone 18 Pro सीरीज की कीमतें आम लोगों को हैरान कर देने वाली हैं। iPhone 18 Pro के 256GB बेस मॉडल की शुरुआती कीमत ही 1,64,900 रुपये रखी गई है, जबकि 512GB वेरिएंट 1,89,900 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा 1TB मॉडल 2,39,900 रुपये और सबसे टॉप 2TB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 3,14,900 रुपये तक पहुंचती है। इतनी भारी-भरकम कीमतों के बावजूद मुंबई और दिल्ली के स्टोर्स के बाहर रात से ही कतारें लग गई थीं।

अभिनय से निर्देशन तक सोनू सूद का शानदार सफर

फिल्म ‘जोधा अकबर’, ‘सिंह इज किंग’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और तेलुगु ब्लॉकबस्टर ‘अरुंधति’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले सोनू सूद को फिल्म ‘दबंग’ के ‘छेदी सिंह’ के किरदार से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। इसके बाद वह ‘सिम्बा’ और ‘सम्राट पृथ्वीराज’ जैसी बड़ी फिल्मों में दिखे। साल 2025 में सोनू सूद ने एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘फतेह’ (Fateh) के साथ बतौर निर्देशक अपनी नई पारी की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने अभिनय के साथ-साथ निर्माण की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *