ग्वालियर किले घूमने आई रसियन गर्ल के साथ लोकल इन्फ्लुएंसर की आपत्तिजनक हरकत सामने आई है, जिससे शहर की छवि पर सवाल उठे हैं। हिंदी से अनजान विदेशी महिला के साथ मजाक के नाम पर अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इन्फ्लुएंसर को ट्रोल किया जा रहा है। इस घटना से ग्वालियर एक बार फिर विदेशी पर्यटकों के साथ व्यवहार को लेकर चर्चा में है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं के कारण पर्यटक आगरा के बाद सीधे झांसी या ओरछा का रुख कर लेते हैं और ग्वालियर में ठहरने से बचते हैं। इससे पहले भी यहां विदेशी पर्यटकों के साथ ठगी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मामले में बताया गया कि रूस से आए पर्यटकों का एक दल आगरा से ग्वालियर घूमने पहुंचा था। दोपहर के समय जब वे किले पर घूम रहे थे, तभी एक स्थानीय इन्फ्लुएंसर उनसे बातचीत करने लगा। उसने एक विदेशी महिला को रील बनाने के लिए तैयार किया और इस दौरान अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब विवाद का कारण बन गया है। ‘रूसी’ शब्द का इस्तेमाल कर की अश्लील टिप्पणी, भाषा से अनजान महिला ने कहा “यस” शहर के एक इन्फ्लुएंसर ने ग्वालियर किले पर एक रील बनाई, जिसमें उसने अपने साथ एक विदेशी महिला को खड़ा किया। महिला हिंदी नहीं समझती थी, जिसका फायदा उठाते हुए इन्फ्लुएंसर ने अश्लील टिप्पणी कर वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह रील ‘राधे गुर्जर’ नाम की आईडी से पोस्ट की गई है। वीडियो में इन्फ्लुएंसर जो कह रहा था, उससे अनजान विदेशी महिला ने अंगूठा दिखाते हुए दो बार “यस-यस” कहा। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वीडियो में उसके साथ आपत्तिजनक बात कही जा रही है। पहले भी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर हुआ था वायरल सोशल मीडिया पर इस इन्फ्लुएंसर की हरकत को लोग बेहद शर्मनाक बता रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से न सिर्फ ग्वालियर, बल्कि देश की छवि भी प्रभावित होती है और विदेशी पर्यटकों के सामने गलत संदेश जाता है। यह वीडियो पुलिस तक भी पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि यही इन्फ्लुएंसर पहले नई लग्जरी कार लेने के बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर भी वायरल हुआ था। उस दौरान इसके साथियों द्वारा हाइवे पर हवाई फायरिंग करने का मामला भी सामने आया था। लोगों का मानना है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए कुछ लोग किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।


