Inflation in India: पिछले 10 साल में सस्ती हो गईं ये 9 चीजें, कई जगह आधे से भी कम रह गए दाम

Inflation in India: पिछले 10 साल में सस्ती हो गईं ये 9 चीजें, कई जगह आधे से भी कम रह गए दाम

Things Cheaper in India: आज हर आदमी यही कहता नजर आता है कि महंगाई ने कमर तोड़ दी है। सब्जी महंगी, तेल महंगा, स्कूल फीस महंगी। लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू भी है। कुछ चीजें ऐसी हैं, जिनके दाम पिछले 8-10 साल में काफी गिर गए हैं। कई सामान तो ऐसे हैं, जिनकी कीमत आधी रह गई, जबकि फीचर्स दोगुने हो गए। सरल शब्दों में कहें तो कुछ जगहों पर आपका रुपया पहले से ज्यादा ताकतवर हो गया है। आइए जानते हैं कि, वे कौन-से प्रोडक्स या सेवाएं हैं, जो समय के साथ सस्ती हुई हैं।

कई गुना सस्ता हुआ मोबाइल डेटा

एक वक्त था जब मोबाइल इंटरनेट का उपयोग फूंक-फूंक कर करना पड़ता था, कि कहीं प्लान खत्म न हो जाए। साल 2016 में 1GB डेटा के लिए 250 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। लोग वीडियो देखने से डरते थे कि डेटा खत्म न हो जाए। फिर बाजार में Reliance Jio की एंट्री हुई और पूरा खेल बदल गया। आज 400 रुपये से कम के रिचार्ज में 28 दिन तक रोज 2.5 जीबी डेटा मिल जाता है। भारत दुनिया के सबसे सस्ते मोबाइल डेटा वाले देशों में शामिल हो चुका है।

PC: Pexels
PC: Pexels

सस्ते स्मार्टफोन ने बदली जिंदगी

कुछ साल पहले तक अच्छा स्मार्टफोन खरीदना मतलब जेब ढीली करना होता था। अब 10 हजार रुपये से कम कीमत में बढ़िया कैमरा, बड़ी बैटरी और तेज प्रोसेसर वाला फोन मिल जाता है। रेडमी, रियलमी और मोटोरोला जैसी कंपनियों ने भारतीय बाजार में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा पैदा कर दी है। ज्यादातर फोन अब भारत में ही असेंबल हो रहे हैं।

करीब आधे रह गए बड़ी LED TV के दाम

साल 2016 में 43 इंच का LED टीवी खरीदना भी आसान नहीं था। इसके लिए 50 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। अब वही टीवी 25 हजार रुपये से कम में मिल जाता है। सैमसंग इंडिया समेत कई कंपनियों ने भारत में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाई है। इसका फायदा सीधे ग्राहकों को मिला है।

PC: Pexels
PC: Pexels

छत पर सोलर लगाना हुआ किफायती

कुछ साल पहले सोलर पैनल लगाना बहुत महंगा माना जाता था। अब कीमतें काफी नीचे आ चुकी हैं। सरकारी सब्सिडी और लोकल मैन्युफैक्चरिंग ने इसे आसान बना दिया है। अब लोग इसे सिर्फ पर्यावरण बचाने के लिए नहीं, बल्कि बिजली बिल घटाने के लिए लगा रहे हैं।

मिडिल क्लास की पहुंच में आया हवाई सफर

पहले फ्लाइट में बैठना किसी सपने जैसा लगता था। अब ऐसा हो गया है कि कई बार ट्रेन के AC टिकट से भी सस्ती फ्लाइट मिल जाती है। इंडिगो, स्पाइसजेट और आकासा एयर जैसी एयरलाइंस कई बार 999 रुपये तक के फ्लाइट टिकट भी ऑफर करती हैं। हालांकि, मिडिल ईस्ट संकट की वजह से अभी किराया बढ़ा है, लेकिन फिर भी अब हवाई सफर मिडिल क्लास की पहुंच से बाहर नहीं रहा।

किफायती हो रहे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर

पेट्रोल के बढ़ते दामों ने लोगों को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की तरफ धकेला है। सरकार की FAME सब्सिडी और बैटरी पार्ट्स पर कम ड्यूटी ने इनकी कीमतें काफी नीचे ला दी हैं। ओला इलेक्ट्रिक और एथर एनर्जी जैसे ब्रांड अब ऐसे स्कूटर बेच रहे हैं, जिनकी कीमत पेट्रोल बचत से कुछ साल में ही निकल जाती है।

जरूरी दवाइयों पर सरकारी कंट्रोल

डायबिटीज, कैंसर और दिल की बीमारी की कई दवाइयों को सरकार प्राइस कंट्रोल के दायरे में लेकर आई है। इससे इलाज का खर्च काफी कम हुआ है। कैंसर की कुछ जरूरी दवाओं पर इंपोर्ट ड्यूटी कम होने से मरीजों और उनके परिवारों को राहत मिली है। पहले ये दवाएं काफी महंगी आती थीं।

किचन के सामान भी हुए सस्ते

माइक्रोवेव, इंडक्शन, एयर फ्रायर और मिक्सर ग्राइंडर जैसी चीजें पहले लग्जरी मानी जाती थीं। अब ये आम घरों का भी हिस्सा बन चुकी हैं। जो माइक्रोवेव पहले 8 हजार रुपये में मिलता था, अब उससे बेहतर फीचर्स वाला मॉडल 4 हजार रुपये से कम में मिल जाता है।

PC: Pexels

मनोरंजन अब नहीं रहा लग्जरी

पहले केबल टीवी और DVD प्लेयर ही मनोरंजन का मुख्य जरिया थे। अब OTT प्लेटफॉर्म ने सबकुछ बदल दिया। JioCinema कई प्रीमियम कंटेंट मुफ्त देता है, जबकि Disney+ Hotstar और Amazon Prime Video बेहद कम कीमत में ढेरों फिल्में और वेब सीरीज उपलब्ध करा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *