Sabarmati Varanasi Superfast Express: रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने साबरमती और वाराणसी के बीच नई दैनिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 12205/12206 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस दोनों शहरों के बीच चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। खास बात यह है कि यह ट्रेन रोज चलेगी।
कब से शुरू होगी नियमित सेवा?
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12206 वाराणसी-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी। वहीं, ट्रेन नंबर 12205 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4 नवंबर से नियमित रूप से चलेगी।
साबरमती से वाराणसी जाने वाली ट्रेन का टाइम टेबल
ट्रेन नंबर 12205 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस साबरमती से सुबह 5:20 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस दिशा में ट्रेन की नियमित सेवा 4 नवंबर से शुरू होगी।
वाराणसी से साबरमती आने वाली ट्रेन की टाइमिंग
ट्रेन नंबर 12206 वाराणसी-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 5:30 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी। इस ट्रेन की नियमित सेवा 2 नवंबर से शुरू होगी।
इन स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा। इनमें मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज और मिर्जापुर शामिल हैं।
ट्रेन में होंगे AC और स्लीपर कोच
इस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए AC 2-Tier, AC 3-Tier, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।
2 नवंबर से शुरू होगी टिकट बुकिंग
रेलवे की जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12205 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की बुकिंग 2 नवंबर से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों (PRS) और IRCTC की वेबसाइट पर शुरू होगी।

