मैनपुरी में कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला सोतियाना में एक युवक की पत्नी पर उसके खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगा है। खाना खाने के कुछ देर बाद युवक की हालत बिगड़ गई। वह कमरे में जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक के पिता ने बहू के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला सोतियाना निवासी शिवम (32) पुत्र सुशील कुमार के परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात परिवार के सभी लोगों ने खाना खाया। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। आरोप है कि शिवम की पत्नी लक्ष्मी ने उसके खाने में कोई जहरीला पदार्थ मिला दिया था। मुंह से निकल रहा था झाग परिजनों के अनुसार, खाना खाने के कुछ देर बाद शिवम की हालत बिगड़ गई और वह कमरे में जमीन पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर उसकी मां ने छत से झांककर देखा तो शिवम गंभीर हालत में पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी ले गए। आरोप है कि घटना के बाद लक्ष्मी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। शिवम के पिता सुशील कुमार ने बहू पर बेटे के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

