India Supports Africa: इबोला से लड़ाई में भारत का बड़ा कदम: अफ्रीका को सौंपे 43 टन इमरजेंसी मेडिकल किट

India Supports Africa: इबोला से लड़ाई में भारत का बड़ा कदम: अफ्रीका को सौंपे 43 टन इमरजेंसी मेडिकल किट

India Supports Africa : अफ्रीकी संघ आयोग की अपील पर त्वरित कदम उठाते हुए भारत ने इबोला महामारी के खिलाफ जंग में अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारत की यह पहल अफ्रीका के प्रभावित हिस्सों में इबोला का प्रसार रोकने और वहां की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था और क्षेत्रीय संकट प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।

भारत सरकार ने दो चरणों में भेजी मदद

भारत सरकार ने इस राहत अभियान को दो मुख्य खेपों में अंजाम दिया है। संकट के शुरुआती दौर में भारत ने पहली खेप 24 मई को लगभग 2.5 टन आपातकालीन चिकित्सा सामग्री युगांडा की राजधानी कंपाला भेजी। इस शुरुआती मदद में आवश्यक दवाएं, सुरक्षात्मक उपकरण, मेडिकल निगरानी यंत्र और पूरक आहार शामिल थे। दूसरी खेप 2 जून, 2026 को अफ्रीका सीडीसी से विस्तृत आवश्यकताओं की सूची मिलने के बाद, भारत ने 43 टन की एक और बड़ी खेप रवाना की। इसमें संक्रमण रोकथाम सामग्री, डायग्नोस्टिक और निगरानी उपकरण, दवाएं और सप्लीमेंट्स शामिल हैं, जो कंपाला पहुंच कर अफ्रीका सीडीसी को सौंप दी गई।

चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए भारत हमेशा तत्पर

विदेश मंत्रालय का संदेश: ‘यह सहायता अफ्रीकी देशों के साथ भारत की मजबूत और अटूट साझेदारी का प्रमाण है। महाद्वीप पर जनस्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए भारत हमेशा तत्पर है। एडिस अबाबा और कंपाला में मौजूद हमारे राजनयिक मिशन इस मोर्चे पर अफ्रीकी संघ आयोग और अफ्रीका सीडीसी के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।’

अफ्रीका सीडीसी ने जताया आभार

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के पूर्वी हिस्सों में इबोला राहत कार्यों के लिए भारत से मिली इस चिकित्सीय सहायता का अफ्रीका सीडीसी ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर शेयर किए गए एक संदेश में एजेंसी ने बताया कि यह सामग्री युगांडा स्थित ‘अफ्रीका सीडीसी पूर्वी क्षेत्रीय समन्वय केंद्र’ के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है।

अफ्रीका के साथ एकजुटता दिखाने के लिए आभारी

उन्होंने कहा,इस महत्वपूर्ण मदद से इबोला के प्रकोप को थामने और प्रभावित समुदायों को राहत देने के हमारे प्रयासों को नई ताकत मिलेगी। संकट के इस दौर में अफ्रीका के साथ एकजुटता दिखाने के लिए हम भारत सरकार और वहां की जनता के अत्यंत आभारी हैं। नई दिल्ली ने साफ किया है कि वह जमीनी हालात पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा व लॉजिस्टिक्स सहायता की अगली खेप भेजने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। ( इनपुट : ANI)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *