Asian Games 2026 में India vs Pakistan Gold Medal Match बारिश से रद्द हुआ तो किसे मिलेगा गोल्ड? जानें फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच से जुड़े पूरे नियम।
India vs Pakistan Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में मेंस क्रिकेट का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे आमने-सामने होंगी। हालांकि, महामुकाबले से पहले क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बारिश ने बढ़ा दी है, क्योंकि अगर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द होता है तो इस बार किस टीम को गोल्ड मेडल मिलेगा? क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता वाजिब भी है, क्योंकि टूर्नामेंट में अब तक छह मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं। इनमें चारों क्वार्टर फाइनल भी शामिल हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट के फाइनल मुकाबले के लिए क्या नियम तय किए गए हैं।
रद्द होता है फाइनल मैच तो किसे मिलेगा गोल्ड?
एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट में फाइनल मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। ऐसे में आयोजकों ने इस बार नियमों में बदलाव किया है। फाइनल मुकाबला बारिश या किसी अन्य कारण से रद्द होता है तो फाइनल में पहुंची दोनों टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। इसका सीधा-सा अर्थ है कि किसी टीम को सिल्वर मेडल नहीं मिलेगा।
हालांकि, पिछले एशियन गेम्स की बात करें तो भारत और अफगानिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मैच बारिश के चलते पूरा नहीं हो सका था। इसके चलते भारत को उच्च वरीयता प्राप्त टीम होने के कारण गोल्ड मेडल मिला था, जबकि अफगानिस्तान को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था।
ब्रॉन्ज मेडल के लिए क्या है नियम?
एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल मैच श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 3 अक्टूबर को ही खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला यह मुकाबला बारिश या किसी अन्य कारण से रद्द होता है तो बांग्लादेश और श्रीलंका को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा।
आपको बता दें कि एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट में अब तक भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश एक-एक गोल्ड मेडल जीत चुके हैं, जबकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सके हैं। अफगानिस्तान ने हालांकि 3 सिल्वर मेडल जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को एक अदद पदक की तलाश है। ऐसे में भारत की तरह मौजूदा एशियन गेम्स संस्करण में पाकिस्तान की नजर भी गोल्ड पर टिकी होगी।
Sports – Patrika | CMS


𝐈𝐓 𝐃𝐎𝐄𝐒𝐍’𝐓 𝐆𝐄𝐓 𝐁𝐈𝐆𝐆𝐄𝐑 𝐓𝐇𝐀𝐍 𝐓𝐇𝐈𝐒 