उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के ग्राम जगेथा में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर बेटी की शादी के लिए वर्षों से जमा की गई पूंजी और जेवरात ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्राम जगेथा निवासी सूरज पाल के घर में चोरों ने धावा बोला। परिवार के सदस्यों ने बताया कि चोरों ने घर की कुंडी और ताले आरी से काटे और अंदर घुस गए। रात करीब चार बजे जब परिवार जागा, तो उन्हें ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी, बक्सों और थैलों से रुपये व जेवर गायब थे। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवर ले गए। चोरी हुए सामान में महिलाओं के जेवर, पायल, नाक की बाली और चोटी जैसे कीमती सामान शामिल थे। परिवार सब्जी बेचकर धीरे-धीरे पैसे जोड़ रहा था, जो अलग-अलग बटुओं में रखे थे, उन्हें भी चोर उठा ले गए। घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास तलाश शुरू की। उन्हें चोरी हुआ एक बक्सा पास के नाले के किनारे पड़ा मिला। इस बक्से में बैंक पासबुक और अन्य जरूरी कागजात थे, लेकिन नकदी और जेवर गायब थे। पीड़ित परिवार की बेटियां और ग्रामीण देर तक आसपास के इलाकों में सामान तलाशते रहे, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। पुरवा इंस्पेक्टर भुवन सिंह मौर्य ने बताया कि घटना की अभी तक कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को दिखवाकर जांच कराई जाएगी।


