मयंक हत्याकांड में सीसीटीवी में किशोर के साथ जाता दिखा:खुली पेंट और अलग पड़ा सिर, केस बना मिस्ट्री, माता पिता की डीएनए जांच

मयंक हत्याकांड में सीसीटीवी में किशोर के साथ जाता दिखा:खुली पेंट और अलग पड़ा सिर, केस बना मिस्ट्री, माता पिता की डीएनए जांच

कोटा शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम मयंक मीणा मर्डर मामले में एक सीसीटीवी सामने आया। 25 मई की दोपहर से लापता हुए बालक का शव अगले दिन रेलवे वर्कशॉप के सामने जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला। रेलवे कॉलोनी थाना अधिकारी रामस्वरूप मीणा ने बताया कि 25 मई की दोपहर बाद मयंक मीणा अपने घर से बाहर निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने रेलवे कॉलोनी थाने में देर रात गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिसमें मयंक एक अन्य किशोर के साथ जंगल की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने देर रात रेलवे वर्कशॉप के सामने जंगल में तलाश की तो वहां मयंक का शव बेहद खराब हालत में मिला। शव का सिर धड़ से अलग था और दोनों करीब 50 फीट की दूरी पर पड़े मिले। मौके पर एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। थाना अधिकारी ने बताया कि शव की हालत इतनी खराब थी कि परिजनों ने कपड़ों और जूतों के आधार पर पहचान की। सिर और धड़ अलग-अलग मिलने के कारण डीएनए जांच के लिए बालक के माता-पिता के सैंपल भी लिए गए हैं, ताकि पुष्टि की जा सके कि दोनों हिस्से उसी बालक के हैं। पुलिस के अनुसार जंगल में आवारा कुत्तों ने शव को बुरी तरह नोच रखा था वही कमर से पेंट भी खुली हुई थी। मयंक के पिता ने बताया कि उनका बेटा दोपहर करीब 2 बजे से घर से लापता था। परिवार ने पूरे इलाके में तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन रात को सूचना मिली कि जंगल में एक शव पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी में नजर आने वाला किशोर मोहल्ले में किराए से रहता है। उनका कहना है कि उन्हें दोनों बच्चों की दोस्ती के बारे में जानकारी नहीं थी और किसी प्रकार की पुरानी रंजिश भी सामने नहीं आई है। मृतक के पिता रेलवे कर्मचारी हैं और मूल रूप से करौली जिले के रहने वाले हैं। वे पिछले 10 वर्षों से कोटा में नौकरी कर रहे हैं और सोगरिया इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और सीसीटीवी में दिखाई दिए किशोर की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *