ANTF की फिल्मी स्टाइल में कार्रवाई:कार में सवार दो तस्करों को दबोचा, 45 किलो डोडा पोस्त बरामद

जोधपुर में नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया। टीम ने करीब 45 किलोग्राम डोडा पोस्त, एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Ig विकास कुमार ने बताया सूचना के आधार पर ANTF टीम ने एनएच-79 दिल्ली-मुंबई 6 लेन हाईवे पर भदाली खेड़ा के पास घेराबंदी की। टीम को जानकारी मिली थी कि सफेद रंग की डीजायर कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ से ओसियां की तरफ ले जाया जा रहा है।
जैसे ही संदिग्ध कार हाईवे पर पहुंची, टीम ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज रफ्तार से भगा दिया। इसके बाद ANTF की दो टीमों ने समन्वय बनाकर पीछा शुरू किया। आगे दूसरी टीम को अलर्ट किया गया तो तस्कर दोनों ओर से घिरते देख कार को सर्विस लेन और फिर कच्चे रास्ते की तरफ मोड़कर भागने लगे। आगे रास्ता बंद और सामने खेत आने पर आरोपियों ने कार रोकी और उतरकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
बाद में स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया। तलाशी लेने पर कार से अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही माल और कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश पुत्र जालाराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी घेवड़ा शिव नगर, थाना औसिया, जिला जोधपुर ग्रामीण और श्रवण कुमार पुत्र प्रहलाद राम, उम्र 35 वर्ष, निवासी भवाद, थाना कडवड, जिला जोधपुर शामिल हैं। जब्त माल में करीब 45 किलोग्राम डोडा पोस्त और स्विफ्ट डिजायर कार शामिल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *