सुलतानपुर में पुरानी रंजिश में आश्रम के सेवादार से मारपीट:5 पर मुकदमा दर्ज, पीपल के पेड़ की सफाई के दौरान हुआ था विवाद

सुलतानपुर के सीताकुंड इलाके स्थित श्री महाकालेश्वर आश्रम में एक सेवादार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने आश्रम के सेवादार अजय शुक्ल उर्फ अजयानन्द महाराज पर हमला कर दिया। मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई की सुबह करीब 9:30 बजे की है। आश्रम निवासी और शिष्य विश्वनाथ गिरी के मुताबिक, अजय शुक्ल उर्फ अजयानन्द महाराज आश्रम परिसर में पीपल के पेड़ के पास सफाई कर रहे थे। इसी दौरान इलाके के रहने वाले अनुराग पाण्डेय और अनूप पाण्डेय अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने पुरानी रंजिश को लेकर सेवादार को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की। जान बचाने के लिए पीड़ित आश्रम के भीतर भागा, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ाकर पीटा। आश्रम के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह सेवादार को बचाया। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने 27 मई को कोतवाली नगर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक वेद प्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *