शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भमरहा में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बालक की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित किराना दुकान में जा घुसी थी, जिससे दुकान में बैठा बालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मंगलवार को बालक का शव रीवा से शहडोल लाया जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भमरहा गांव के कैथा चौराहा के पास महेंद्र सिंह की किराना दुकान है। सोमवार शाम उनका 9 वर्षीय पुत्र दीपक दुकान में बैठा था। इसी दौरान ब्यौहारी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे दुकान के अंदर घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान का सामान बिखर गया और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में बालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि दुकान सड़क किनारे स्थित है और उसके पास ही परिवार का घर भी है। हादसे के समय बालक दुकान में अकेला बैठा था। थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। चालक से पूछताछ की जा रही है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। गौरतलब है कि ब्यौहारी क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। एक दिन पहले भी सड़क हादसे में एक बालक की मौत हुई थी। रविवार को घर से सड़क पर निकले एक बालक को गैस सिलेंडर से लदे वाहन ने टक्कर मार दी थी।


