नागपुर में नानी की हैवानियत! रंग डालने पर मासूम पर उड़ेल दिया खौलता पानी, 45% झुलसा

नागपुर में नानी की हैवानियत! रंग डालने पर मासूम पर उड़ेल दिया खौलता पानी, 45% झुलसा

होली के दिन महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। रंग डालने पर आगबबूला हुई नानी ने अपने ही चार साल के नाती पर उबलता पानी डाल दिया, जिससे मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि वह 45 प्रतिशत तक झुलस गया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

यह घटना 3 मार्च को नागपुर के कोराडी में आरामशीन इलाके के वार्ड नंबर 2 में हुई। घायल बच्चे की पहचान ओम हरीश वांगे के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। इस पूरी घटना का वीडियो परिसर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी नानी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खेलते समय रंग डालने पर भड़की दादी

मिली जानकारी के अनुसार, चार साल का ओम मंगलवार को अपने घर के बाहर पिचकारी से होली खेल रहा था। उसी समय उसकी नानी सिंधु ठाकरे (मां की मां) होली की लकड़ियों पर गर्म किया गया उबलता पानी बाल्टी में भरकर घर के अंदर ले जा रही थीं।

खेलते-खेलते ओम ने अपनी छोटी पिचकारी से थोड़ा सा रंग अपनी नानी के ऊपर डाल दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात पर नानी को गुस्सा आ गया।

गुस्से में उबलते पानी की पूरी बाल्टी उड़ेली

आरोप है कि गुस्से में आकर सिंधु ठाकरे ने बिना सोचे-समझे उबलते पानी से भरी पूरी बाल्टी चार साल के ओम पर उड़ेल दी। उबलता पानी शरीर पर गिरते ही बच्चा दर्द से जोर-जोर से चीखने लगा। इस घटना में बच्चे का कमर के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया।

45 प्रतिशत तक झुलसा मासूम

बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत बच्चे के शरीर पर ठंडा पानी डाला, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था।

इसके बाद उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ओम करीब 45 प्रतिशत तक झुलस गया है।

CCTV फुटेज वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह गुस्से में आकर महिला ने बच्चे पर उबलता पानी डाल दिया। वीडियो सामने आने के बाद नागपुर में इस घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।

घटना की जानकारी मिलते ही कोराडी पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *