MP News: मध्यप्रदेश के मैहर जिले में नाबालिग छात्रा के अपहरण और गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। आठवीं क्लास में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा स्कूल से घर वापस लौट रही थी तभी दो युवकों ने उसे रास्ते में अकेला पाकर अगवा किया और बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। छात्रा रात करीब 12 बजे बदहवास हालत में घर वापस पहुंची और परिजन को घटना के बारे में जानकारी दी।
स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा से गैंगरेप
शुक्रवार दोपहर को नाबालिग छात्रा स्कूल से अपने घर लौट रही थी। तभी रास्ते में दो युवकों ने अकेला पाकर उसे अगवा किया और अपने साथ बस्ती में एक घर में ले गए। यहां दोनों दरिंदों ने नाबालिग के साथ गैंगरेप किया। काफी देर बाद जब छात्रा अपने घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने गांव व स्कूल में खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला जिसके बाद रात दस बजे झुकेही चौकी में छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

रात करीब 12 बजे बदहवास घर लौटी छात्रा
दिनदहाड़े छात्रा के गायब होने की सूचना मिलते ही अमदरा पुलिस सक्रिय हुई और छात्रा की तलाश शुरू की लेकिन छात्रा का कहीं पता नहीं चला। इसी बीच देर रात करीब 12 बजे पीड़ित छात्रा बदहवास हालत में घर पहुंची, जिसकी हालत देख परिजन के रौंगटे खड़े हो गए। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजन को अपने साथ हुए गैंगरेप की घटना के बात बताई। परिजन छात्रा को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता पुलिस को उसी घर पर ले गई जहां उसके हाथ-पैर बांध कर बंधक बनाया गया था। गैंगरेप की बात सामने आने पर पुलिस में हडंकम्प मच गया। युवकों की तलाश के लिए तीन टीमों ने दबिश दी जिसके बाद शनिवार सुबह तक दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए।
एक आरोपी है निगरानीशुदा बदमाश
पुलिस ने बताया कि अपहरण व गैंगरेप में दो आरोपी शामिल थे। आरोपी दीपक बसोर उर्फ गोलू 38 वर्ष व आरोपी सनी बसोर दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। दीपक बसोर कटनी जिले का निगरानीशुदा बदमाश बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ने लगा था। पीडि़ता पक्ष के लोग आक्रोशित हो रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ कर किसी तरह परिजनों का गुस्सा शांत कराया। सीएसपी महेंद्र सिंह, ने बताया कि छात्रा जब स्कूल से लौट रही थी तभी आरोपियों ने उसे अगवा कर घटना को अंजाम दिया। वारदात में दो आरोपी शामिल थे जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


