अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से बीएससी और एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा कल यानी शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। करीब 14 हजार सीटों के लिए प्रदेश के 20 जिलों में कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट) होगी। 307 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 148268 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रलखनऊ में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 26161 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। सुबह 11 से दोपहर 1.20 बजे तक परीक्षा होगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या फर्जीवाड़े को रोकने के लिए यूनिवर्सिटी परिसर में अत्याधुनिक कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। कमांड सेंटर से परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। AI से होगी निगरानी परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से अभ्यर्थियों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की गतिविधियां रिकॉर्ड की जाएंगी। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाएगी। ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसटीएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसी सतर्क परीक्षा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएस) और खुफिया विभाग की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। हर स्तर पर निगरानी डॉ.देवाशीष शुक्ला ने बताया कि परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ऐसे में इस बार नर्सिंग प्रवेश परीक्षा पूरी तरह तकनीक और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में संपन्न होगी। इन जिलों में होगी प्रवेश परीक्षा आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बरेली, बस्ती, गाजियाबाद, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, वाराणसी व गौतमबुद्ध नगर शामिल हैं। हेल्पलाइन नंबर किया जारी डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि अभ्यर्थियों को असुविधा से बचाने के लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी किया गया है। संस्थान की वेबसाइट पर नम्बर प्रदर्शित किए जा रहे हैं। सीनेट संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी हेल्पलाइन नम्बर 9889383779 और 9889383797 पर ले सकते हैं।


