मुरादाबाद में हॉर्न बजाने पर महिला से अभद्रता:बारातियों ने कार घेरकर की तोड़फोड़, शिकायत दर्ज

मुरादाबाद में हॉर्न बजाने पर महिला से अभद्रता:बारातियों ने कार घेरकर की तोड़फोड़, शिकायत दर्ज

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ अभद्रता और उनकी कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना देर रात बारात के कारण लगे जाम के दौरान हॉर्न बजाने को लेकर हुई। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। काशीराम नगर निवासी नीतू रानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रात करीब 11:36 बजे अपनी कार से मानसरोवर कॉलोनी स्थित अस्पताल में एक रिश्तेदार से मिलने जा रही थीं। उन्होंने बताया कि होटल मानसरोवर पैराडाइज के पास बारात के कारण सड़क पर भारी जाम लगा हुआ था। हॉर्न बजाने पर घेर ली कार
पीड़िता के मुताबिक जब उन्होंने जाम से निकलने के लिए हॉर्न बजाया, तो बारात में शामिल कुछ युवकों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। साथ ही उन्हें डराने-धमकाने का भी प्रयास किया गया। कार में की तोड़फोड़
महिला ने आरोप लगाया कि युवकों ने उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद उन्होंने पूरी वारदात का वीडियो और कार में हुए नुकसान की तस्वीरें सुरक्षित रखी हैं। नीतू रानी का कहना है कि बाद में उन्होंने होटल प्रबंधन और बारात पक्ष से संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। उल्टा उन्हें “जो करना है कर लो” कहकर धमकाया गया। पीड़िता ने पुलिस से होटल के सीसीटीवी फुटेज, वीडियो साक्ष्य और अन्य जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *