हमीरपुर में ट्रक-बाइक टक्कर में एसी मैकेनिक की मौत:एक साथी गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर; पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

हमीरपुर में ट्रक-बाइक टक्कर में एसी मैकेनिक की मौत:एक साथी गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर; पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के बसवारी गांव के पास एक सड़क हादसे में एक एसी मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, हमीरपुर निवासी जावेद (22) और अंकित पांडेय (24) मुस्करा क्षेत्र में एसी सर्विसिंग का काम करने आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से वापस हमीरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बसवारी गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले जाया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शिव जी गुप्ता ने जावेद पुत्र अब्दुल खालिक, निवासी- पठकाना मुहाल (हमीरपुर) को देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई अनस ने बताया कि जावेद काम पूरा करके वापस लौट रहा था। हादसे में अंकित पांडेय पुत्र अरुण पांडेय, निवासी- रहुनिया मोहल्ला (हमीरपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. शिव जी गुप्ता ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुस्करा थाने के उप-निरीक्षक (SI) अनरुद्ध द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलते ही आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *