महोबा में मासूम को जमीन पर पटका:दो पक्षों में चले ईंट-पत्थर, 8 घायल; पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया

महोबा में मासूम को जमीन पर पटका:दो पक्षों में चले ईंट-पत्थर, 8 घायल; पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया

महोबा के कीरत सागर तट पर शुक्रवार को घुमंतू जाति के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस संघर्ष में छह माह के एक मासूम सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। यह विवाद जुए और शराब के नशे में शुरू हुआ। जानकारी के अनुसार, संजय नामक युवक शराब के नशे में राजू की झोपड़ी में घुस गया।आरोप है कि उस समय राजू की पत्नी शालू अपने छह माह के बच्चे राज को सुला रही थी। नशे में धुत संजय ने मासूम राज को उठाकर जमीन पर पटक दिया।
इस घटना के बाद राजू के परिवार ने विरोध किया, जिसके बाद संजय ने अपनी पत्नी मैना और साले राहुल के साथ मिलकर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर और बर्तनों से हमला शुरू हो गया।
सड़क के पास हुए इस पथराव से राहगीरों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की चार गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों नशे में धुत पक्ष शांत होने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को काबू में किया। इस भीषण मारपीट में दोनों पक्षों के कुल 8 लोग लहूलुहान हुए हैं। एक पक्ष से राजू, शालू, बुजुर्ग शारदा और 6 माह का मासूम राज घायल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से संजय, मैना, राहुल और नैना को गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मैना की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों ही पक्षों के लोगों को हिरासत में किया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *