जेल में संजय दत्त को आया ‘खलनायक’ का सीक्वल बनाने का ख्याल, बोले- 4000 कैदियों ने लिखी फिल्म की कहानी

जेल में संजय दत्त को आया ‘खलनायक’ का सीक्वल बनाने का ख्याल, बोले- 4000 कैदियों ने लिखी फिल्म की कहानी

Sanjay Dutt On Khal Nayak Returns: बॉलीवुड के ‘खलनायक’ के नाम से मशहूर अभिनेता संजय दत्त एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार को बड़े पर्दे पर वापस लाने जा रहे हैं। 90 के दशक की सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ की घोषणा के साथ ही फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है। लेकिन इस फिल्म की सबसे खास बात इसकी कहानी है, जिसका जन्म किसी स्टूडियो में नहीं बल्कि जेल की चारदीवारी के भीतर हुआ।

जेल में शुरू हुई नई कहानी की सोच (Sanjay Dutt On Khal Nayak Returns)

संजय दत्त ने हाल ही में एक इवेंट के दौरान खुलासा किया कि ‘खलनायक रिटर्न्स’ का आइडिया उन्हें उस समय आया, जब वो जेल में सजा काट रहे थे। 1993 मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में उन्हें पांच साल की सजा सुनाई गई थी।

उन्होंने बताया कि जेल में रहते हुए उन्होंने अपने साथ मौजूद कैदियों से पूछा कि क्या वो ‘खलनायक’ का सीक्वल देखना चाहेंगे। हैरानी की बात यह रही कि हजारों कैदियों ने इसमें रुचि दिखाई। इसके बाद उन्होंने सभी से फिल्म की कहानी पर अपने-अपने विचार लिखने को कहा।

4000 पन्नों में छिपी फिल्म की कहानी (Sanjay Dutt On Khal Nayak Returns)

संजय दत्त ने बताया कि करीब 4000 कैदियों ने एक-एक पन्ने पर अपनी कल्पना के अनुसार कहानी लिखी। इन सभी आइडियाज को पढ़ने में उन्हें काफी समय लगा, लेकिन इसी प्रक्रिया से फिल्म की बुनियाद तैयार हुई।

जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने ये पूरा मटेरियल मशहूर निर्देशक सुभाष घई को दिखाया। सुभाष घई, जिन्होंने 1993 में ‘खलनायक’ का निर्देशन किया था, उन्होंने भी इस ख्याल को पसंद किया और इसे आगे बढ़ाने की सहमति दी।

सुभाष घई का मिला समर्थन (Sanjay Dutt On Khal Nayak Returns)

सुभाष घई ने इस प्रोजेक्ट को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह संजय दत्त की दिली इच्छा और जुनून का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह फिल्म पहले पार्ट से भी ज्यादा प्रभावशाली हो सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह इस फिल्म के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार हैं।

पहली फिल्म ने बनाया था इतिहास

1993 में रिलीज हुई ‘खलनायक’ उस दौर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक थी। फिल्म में संजय दत्त के साथ माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ और राखी गुलजार जैसे बड़े सितारे नजर आए थे। इसके गाने और डायलॉग आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं।

आने वाली फिल्मों में व्यस्त हैं संजय दत्त

वर्क फ्रंट की बात करें तो संजय दत्त हाल ही में अपनी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने अपने एसपी चौधरी असलम को दोहराया। इसके अलावा वो आने वाले समय में ‘KD: द डेविल’, ‘राजा शिवाजी’ और ‘आखिरी सवाल’ जैसी फिल्मों में दिखाई देंगे।

‘खलनायक रिटर्न्स’ की घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि संजय दत्त अपने करियर के सबसे चर्चित किरदार को नए अंदाज में पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *