हमीरपुर में 3 साल की बच्ची को मोबाइल की लत:पिता बोले- मेरी बेटी 13 घंटे फोन चलाती है, न मिलने पर झगड़ती है

हमीरपुर में 3 साल की बच्ची को मोबाइल की लत:पिता बोले- मेरी बेटी 13 घंटे फोन चलाती है, न मिलने पर झगड़ती है

हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे में मोबाइल की लत का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां खुशीपुरा इलाके में एक तीन वर्षीय बच्ची मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग के कारण अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है। बच्ची को मोबाइल चलाने की इतनी गंभीर लत लग चुकी है कि फोन न मिलने पर वह अपना आपा खो देती है। वह माता-पिता से झगड़ा करती है, रोने और छटपटाने लगती है। बच्ची के पिता मुबीन अहमद के अनुसार, उनकी बेटी दिन में कम से कम 13 घंटे मोबाइल पर बिताती है। मुबीन अहमद ने बताया कि यदि रात में माता-पिता मोबाइल बंद करके सो जाते हैं, तो उनकी बेटी सोते हुए पिता की उंगली का फिंगरप्रिंट लगाकर फोन का लॉक खोल लेती है। इसके बाद वह आधी रात में ही मोबाइल चलाना शुरू कर देती है। मुबीन अहमद की दो बेटियां हैं – तीन वर्षीय आयशा और दो वर्षीय खुशी। उन्होंने बताया कि उनकी दोनों बेटियां मोबाइल चलाने की आदी हो गई हैं। अत्यधिक मोबाइल उपयोग के कारण बड़ी बेटी आयशा का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। सोमवार रात करीब 12 बजे के बाद आयशा लगभग डेढ़ घंटे तक मोबाइल चलाती रही, जिसके बाद वह अचानक दीवारों से बातें करने लगी। मुबीन अहमद ने दैनिक भास्कर को एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है, जिसमें मोबाइल छीनने पर उनकी तीन वर्षीय बेटी रोते हुए झगड़ा और मारपीट करती दिख रही है। अपनी दोनों बेटियों की मोबाइल की लत से परेशान मुबीन अहमद उन्हें राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद यादव ने बताया कि बच्चियों का इलाज किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छोटे बच्चों के लिए अत्यधिक मोबाइल चलाना या स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताना हानिकारक है। इससे बच्चे जिद्दी और चिड़चिड़े स्वभाव के हो सकते हैं, जो उनके विकास में बाधक है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *