दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के असाटी वार्ड में मंगलवार शाम एक युवक ने शराब के नशे में घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देख तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सौरभ असाटी पुत्र लीलाधर असाटी के रूप में हुई है। मृतक के भाई गौरव असाटी ने बताया कि सौरभ पिछले छह साल से कच्ची शराब का सेवन कर रहा था। मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे वह शराब पीकर घर आया। उस समय घर के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। सौरभ अपने कमरे में गया, दरवाजा बंद किया और फांसी लगा ली। जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा, तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और तुरंत जिला अस्पताल लेकर गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सौरभ के छह महीने का एक बेटा है, और उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। गौरव असाटी ने आरोप लगाया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने खुलेआम कच्ची शराब बेची जाती है। उन्होंने बताया कि एक महिला कच्ची शराब बनाकर बेचती है, लेकिन पुलिस इस पर कोई कार्रवाई नहीं करती। गौरव ने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले इसी कच्ची शराब के कारण एक अन्य युवक की मौत हुई थी, और कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं।


