हरियाणा के अंबाला कैंट स्थित महेश नगर थाना क्षेत्र के खुड्डा खुर्द गांव की अविनाशपुरी कॉलोनी में गुरुवार तड़के सुबह करीब 4 बजे शराब के नशे में धुत दो युवकों ने एक घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और मां-बेटे को 20 दिन के भीतर गोली मारकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित साहिल सैणी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी कमलदीप पुनिया और संजू पुनिया एक काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी में सवार होकर आए। दोनों शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने जबरन घर में घुसकर हमला किया, बीयर की बोतलें फेंकी और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शोर मचाया। साहिल ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने कहा कि “तुझे 20 दिन के अंदर गोली मार देंगे।” इसके अलावा, उन्होंने साहिल को उसकी दुकान पर न जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह रास्ते में दिखा तो उसे जान से खत्म कर दिया जाएगा। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और पीसीआर 15 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनकी काले रंग की थार गाड़ी समेत मौके से हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। महेश नगर थाना पुलिस ने साहिल सैणी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333 (घर में अनाधिकार प्रवेश/चोट), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मुकदमा नंबर 136 दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई और विवाद।


