उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान मुजफ्फरनगर में एक तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। गूगल मैप्स पर गलत लोकेशन दिखाए जाने के कारण कई अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाए, जिससे उनकी परीक्षा छूट गई। हापुड़ और गाजियाबाद समेत कई जिलों से आए परीक्षार्थी प्रभावित हुए। अभ्यर्थियों ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र स्थित पटेल नगर में दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज था। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्होंने गूगल मैप्स का उपयोग किया। हालांकि, मैप्स ने उन्हें मुजफ्फरनगर के बजाय शामली जिले के झिंझाना क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर पहुंचा दिया। काफी देर तक भटकते रहे अभ्यर्थी गलत जगह पहुंचने पर अभ्यर्थियों को अपनी गलती का एहसास हुआ, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वे काफी समय तक खेतों और ग्रामीण इलाकों में भटकते रहे। स्थानीय लोगों से पूछने पर उन्हें सही पते की जानकारी मिली, लेकिन तब तक परीक्षा केंद्र पहुंचना संभव नहीं था और वे परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। इस घटना से नाराज़ अभ्यर्थी मुज़फ्फरनगर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी और एक लिखित शिकायत सौंपी। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा गूगल मैप्स की गलती के कारण छूटी है, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाए। शिकायत दर्ज कराने वालों में गाजियाबाद और हापुड़ के अरुण मलिक, नकुल, धर्मेंद्र चौधरी और विशाल सहित कई अन्य परीक्षार्थी शामिल थे। अभ्यर्थियों का तर्क है कि यह उनकी गलती नहीं थी, बल्कि तकनीकी त्रुटि के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है।


