आगरा में सिरफिरे आशिक ने एक तरफा प्रेम में युवती के सगाई कार्यक्रम में जमकर हंगामा कर दिया। गाली गलौज करते हुए युवती के एआई से तैयार कर फोटो दिखाकर उसे अपनी प्रेमिका बता दिया।
इससे युवती की शादी टूट गई। आरोपी युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा है। धमकी दी है कि वह उसकी कहीं दूसरी जगह शादी नहीं होने देगा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद शाहगंज पुलिस ने आरोपी युवक के साथ उसके दो भाइयों व तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शाहगंज के ग्यासपुरा क्षेत्र में रहने वाली युवती को पिछले कई महीनों से मोहल्ले में रहने वाला अंकित परेशान कर रहा था। युवती के घर वालों ने आरोपित के घर वालों से शिकायत की, तो उसने युवती को बदनाम करने की धमकी दी। युवती का कहना है कि उसकी शादी तय हो जाने के बाद 12 अप्रैल को क्षेत्र के आंबेडकर पार्क में सगाई कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच आरोपी अंकित अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। रिश्तेदारों व लड़का पक्ष के लोगों के साथ गाली गलौज करते हुए कहा कि यह सगाई नहीं हो सकती है, वह युवती से प्यार करता है। इस बीच आरोपी ने लड़के वालों को अपने साथ युवती के कुछ फोटो दिखा दिए। युवती के परिजनों ने विरोध किया तो युवती की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करके बदनाम करने की धमकी दी। युवती का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहा है कि वह उसे दूसरी जगह शादी नहीं करने देगा। बदनाम करके उसका जीवन खराब कर देगा। युवती का कहना है कि उसकी सगाई टूट गई है। आरोपी को वो जानती तक नहीं है। आरोपी एआई ने एडिट करके उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिया है। इंस्पेक्टर शाहगंज राजीव त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अंकित के अलावा उसके भाई रोहित, पिंकू व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।


